IPL 2026: PBKS ने CSK को हराकर दर्ज की लगातार दूसरी जीत, ये बने रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 7वें मुकाबले में पंजाब किंग्स (PBKS) ने चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) को 5 विकेट से हरा दिया। ये IPL 2026 में श्रेयस अय्यर की टीम की लगातार दूसरी जीत है। इससे पहले उसने गुजरात टाइटंस (GT) को 3 विकेट से हराया था। वहीं, CSK को इस सीजन लगातार दूसरी हार मिली है। उसने पहला मैच राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ गंवाया था। ऐसे में आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डाल लेते हैं।
लेखा-जोखा
मैच का लेखा-जोखा
PBKS ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। CSK के लिए आयुष म्हात्रे ने सबसे ज्यादा 73 रन बनाए। शिवम दुबे के बल्ले से 45 रन निकले। टीम ने 209/5 का स्कोर बनाया। जवाब में PBKS ने 18.4 ओवर में ही 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। प्रियांश आर्य (39), प्रभसिमरन सिंह (43) ने टीम को जोरदार शुरुआत दिलाई। वहीं, कप्तान अय्यर ने (50) मैच जिताऊ पारी खेली। CSK का कोई भी गेंदबाज अच्छा नहीं कर पाया।
अर्धशतक
आयुष ने जड़ा दूसरा अर्धशतक
आयुष ने 43 गेंदों का सामना किया और 73 रन बनाए। उनके बल्ले से 6 चौके और 5 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 169.77 की रही। ये उनके IPL करियर का सिर्फ दूसरा अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने केवल 29 गेंदों में पूरा किया। इस खिलाड़ी ने तीसरे विकेट के लिए कप्तान रुतुराज गायकवाड़ के साथ सिर्फ 55 गेंदों में 96 रन की साझेदारी निभाई। उन्होंने अब तक 9 पारियों में 183.04 की स्ट्राइक रेट से 313 रन बनाए हैं।
उपलब्धि
आयुष ने हासिल की ये उपलब्धि
आयुष ने सिर्फ 18 साल और 261 दिन की उम्र में ये पारी खेली और चेपॉक के मैदान पर सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाले युवा बल्लेबाज बन गए। उन्होंने मंदीप सिंह का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2012 में CSK के खिलाफ 20 साल और 132 दिन की उम्र में अर्धशतक लगाया था। IPL 2025 में इस खिलाड़ी ने 7 पारियों में 34.28 की औसत और 188.97 की स्ट्राइक रेट से 240 रन बनाए थे। उनके बल्ले से एक अर्धशतक निकला था।
आउट
युजवेंद्र चहल ने चौथी बार किया रुतुराज गायकवाड़ को आउट
युजवेंद्र चहल ने रुतुराज गायकवाड़ को आउट किया। ये टी-20 क्रिकेट में चौथा मौका था जब चहल ने गाकवाड़ को पवेलियन भेजा। टी-20 क्रिकेट में चहल के खिलाफ गायकवाड़ ने 7 पारियों में 52 गेंदों पर सिर्फ 61 रन बनाए हैं। इस दौरान उनकी स्ट्राइक रेट 117.30 और औसत महज 15.25 का रहा है। खास बात यह है कि इनमें से 3 बार उन्हें IPL में ही पवेलियन भेजा है, जो इस मुकाबले में चहल की बढ़त को दिखाता है।
कप्तानी
अय्यर ने खेली कप्तानी पारी
कप्तान अय्यर ने मैच में 29 गेंदों का सामना किया और 50 रन बनाए। उनकी बल्ले से 4 चौके और 3 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 172.41 की रही। अय्यर के IPL करियर का यह 28 अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 26 गेंदों में पूरा किया। उन्होंने अब तक 135 मुकाबले खेले हैं और इसकी 134 पारियों में लगभग 35 की औसत से 3,799 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 97* रन रहा है।
लक्ष्य
IPL में PBKS ने हासिल किया अपना दूसरा सबसे बड़ा लक्ष्य
IPL इतिहास में PBKS ने कई बड़े लक्ष्य हासिल कर अपनी ताकत साबित की है। टीम का सबसे सफल रन चेज 262 रन का है, जो उसने 2025 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ किया था। वहीं, इस मुकाबले में टीम ने 210 रन का लक्ष्य हासिल किया। यह इनका दूसरा सबसे सफल रन चेज बन गया है। इसके अलावा 2014 में अबू धाबी में CSK के खिलाफ 206 रन भी टीम ने सफलतापूर्वक चेज कर लिया था।