IPL 2026: प्रभसिमरन सिंह ने DC के खिलाफ जड़ा पहला अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 35वें मैच में पंजाब किंग्स (PBKS) के सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी (76) खेली। यह उनके IPL करियर का 10वां और DC के खिलाफ पहला ही अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 18 गेंदों में पूरा किया। उनकी इस पारी की बदौलत PBKS की टीम विशाल स्कोर का पीछा करते हुए मजबूत शुरुआत की। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डाल लेते हैं।
बल्लेबाजी
कैसी रही प्रभसिमरन की पारी और साझेदारी?
PBKS को 265 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए प्रभसिमरन और प्रियांश आर्य (43) की सलामी जोड़ी ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पावरप्ले में ही 116 रन जोड़ दिए। इसके बाद दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 41 गेंदों में 129 रन की साझेदारी हुई। इसके बाद भी प्रभसिमरन की धमाकेदारी बल्लेबाजी जारी रही। वह पारी में 26 गेंदों में 9 चौके और 5 छक्कों की मदद से 76 रन बनाकर आउट हुए।
उपलब्धि
प्रभसिमरन ने PBKS के लिए जड़ा चौथा सबसे तेज अर्धशतक
इस पारी के साथ प्रभसिमरन के नाम खास उपलब्धि दर्ज हो गई। वह अब PBKS के लिए चौथा सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले वह 18 गेंदों में अर्धशतक जड़ चुके हैं। PBKS के लिए सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड केएल राहुल के नाम दर्ज है, जिन्होंने 2018 में 14 गेंदों में यह कारनामा किया था। इस सूची में प्रियांश आर्य (16 गेंद, 2026) दूसरे और निकोलस पूरन (17 गेंद, 2020) तीसरे पायदान पर हैं।
करियर
कैसा रहा है प्रभसिमरन का IPL करियर?
प्रभसिमरन ने अपना पहला IPL मुकाबला साल 2019 में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 58 मुकाबले खेले हैं, जिसकी 57 पारियों में 28.43 की औसत और 157.94 की स्ट्राइक रेट से 1,592 रन बनाने में सफल रहे हैं। इस खिलाड़ी के बल्ले से 1 शतक के अलावा 10 अर्धशतक भी निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 103 रन का रहा है। प्रभसिमरन ने विकेटकीपर के तौर पर भी अच्छा प्रदर्शन किया है।