IPL 2026 प्लेऑफ समीकरण: क्या PBKS को अब दूसरी टीमों पर निर्भर रहने की जरूरत है?
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 58वें मैच में पंजाब किंग्स (PBKS) को मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ 6 विकेट से हार झेलनी पड़ी है। इससे उसकी प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना खतरे में पड़ गई है। शुरुआती 6 मैच जीतने वाली PBKS को लगातार 5 मैचों में हार झेलनी पड़ी है। फिलहाल वह 12 मैचों में 13 अंक (नेट रन रेट- +0.355) के साथ तालिका में चौथे स्थान पर हैं। आइए उसकी प्लेऑफ की संभावनाओं पर नजर डालते हैं।
दावेदार
प्लेऑफ के शीर्ष 3 दावेदार कौन?
लीग में शीर्ष पर काबिज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और दूसरे स्थान पर मौजूद गुजरात टाइटंस (GT) ने 12 मैचों में 16-16 अंक हासिल किए हैं। प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की करने के लिए उन्हें सिर्फ एक और जीत की जरूरत है। सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) 12 मैचों में 14 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। ऐसे में उसे भी 2 जीत की जरूरत है। प्लेऑफ के लिए इन तीनों टीमों का भविष्य काफी हद तक उनके हाथों में है।
संभावना
PBKS के लिए क्या है संभावना?
PBKS की लगातार 5 मैचों की हार ने उसे सीधे क्वालीफाई की दौड़ से बाहर कर दिया। चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) या राजस्थान रॉयल्स (RR) की तुलना में उसके क्वालीफाई की संभावना काफी कम हो गई है। सीजन में केवल 2 मैच बचे हैं और PBKS को 17 अंक हासिल करने के लिए दोनों मैच जीतने होंगे। हालांकि, यह शायद काफी न हो, क्योंकि अगर नतीजे उनके पक्ष में रहे तो 4 टीमें अभी भी 18 अंक तक पहुंच सकती हैं।
निर्भरता
CSK और RR पर निर्भर हुई PBKS
PBKS अब CSK और RR पर निर्भर है, जिन्होंने 11 मैचों में 12-12 अंक हासिल किए हैं। अगर ये दोनों अपने आखिरी 3 मैच जीत जाती हैं, तो उनके 18 अंक हो जाएंगे। इसलिए, शीर्ष तीन टीमों के साथ क्वालीफाई करने के लिए श्रेयस अय्यर की टीम को CSK और RR दोनों के कम से कम एक मैच हारने की जरूरत है। वहीं, PBKS के बाकी मैच 17 मई को RCB और 23 मई को LSG के खिलाफ हैं।
भरोसा
क्या PBKS शीर्ष तीन टीमों पर भी है निर्भर?
CSK और RR के अपने आखिरी तीन मैच जीतने पर भी PBKS क्वालीफाई कर सकती है। इसके लिए PBKS अपने दोनों मैच जीते और SRH एक मैच हार जाए। SRH का एक मैच CSK के खिलाफ है। इसलिए, दोनों टीमों में से केवल एक ही 18 अंक हासिल कर सकती है। एक अन्य स्थिति में, PBKS को क्वालीफाई करने के लिए RCB और GT में से कम से कम एक टीम को अपने बचे हुए दोनों मैच हारने होंगे।