IPL 2026: दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलने को तैयार मिचेल स्टार्क
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया के स्टार तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में खेलने के लिए अनुमति मिल गई है। 36 वर्षीय स्टार्क कंधे और कोहनी की चोट से जूझ रहे थे, अब वे बिना दर्द गेंदबाजी कर रहे हैं। वह 1 मई को राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ मैच से पहले दिल्ली कैपिटल्स (DC) टीम से जुड़ सकते हैं। चोट के कारण लंबे समय से बाहर रहने के बाद यह उनका इस सीजन पहला मुकाबला हो सकता है।
चोट
जनवरी के बाद से नहीं खेला एक भी मैच
स्टार्क ने इस साल जनवरी के अंत के बाद से किसी तरह का क्रिकेट नहीं खेला है। नवंबर, 2025 और जनवरी, 2026 के बीच खेली गई एशेज सीरीज में उन्होंने 31 विकेट लेकर 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' का खिताब जीता था। इसके बाद उन्होंने सिडनी सिक्सर्स के लिए बिग बैश लीग में 5 मैच खेले, जहां पर्थ स्कॉर्चर्स के खिलाफ फील्डिंग करते समय उनके बाएं कंधे और कोहनी में चोट लग गई थी।
रिकवरी
जल्द आएंगे भारत
चोट से ब्रेक के बाद गेंदबाजी करते समय स्टार्क को थोड़ी तकलीफ महसूस हुई, जिससे IPL में वे अब तक टीम से नहीं जुड़े हैं। IPL की शुरुआत में भारत नहीं आने को लेकर सोशल मीडिया पर आलोचना हुई थी, जिस पर स्टार्क ने सोशल मीडिया पर सफाई दी थी। उन्होंने अपनी गैरमौजूदगी पर फैली गलत जानकारी पर निराशा जताई थी। अब सिडनी में एक हफ्ते तक गेंदबाजी करने के बाद वह शुक्रवार को भारत रवाना होंगे।
आंकड़े
कैसे हैं आंकड़े?
अगर सब ठीक रहा तो स्टार्क 1 मई को जयपुर में RR के खिलाफ मैच खेल सकते हैं और पूरे सीजन के लिए उपलब्ध रह सकते हैं। उनकी वापसी से दिल्ली DC का गेंदबाजी आक्रमण और मजबूत होगा। स्टार्क ने पिछले सीजन में 11 मैचों में 14 विकेट लिए थे, जबकि IPL में उनके नाम 65 विकेट हैं। DC की बात करें तो टीम ने अब तक 6 में से 3 मैच जीते हैं और इतने ही मैच हारे हैं।