IPL 2026: चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जाएंगे मैच, कर्नाटक सरकार ने दी अंतिम मंजूरी
क्या है खबर?
बेंगलुरु का एम चिन्नास्वामी स्टेडियम इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के कुछ मैचों की मेजबानी के लिए तैयार है। दरअसल, कर्नाटक सरकार ने कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को चिन्नस्वामी स्टेडियम में IPL 2026 के मैच आयोजित करने के लिए अंतिम मंजूरी दे दी है। बता दें कि 28 मार्च को RCB और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच होने वाला सीजन का पहला मैच इसी मैदान पर खेला जाना है।
बयान
KSCA ने किया औपचारिक ऐलान
KSCA ने बयान जारी करते हुए कहा, "हमें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि कर्नाटक के माननीय गृह मंत्री जी परमेश्वर की अध्यक्षता में एक्सपर्ट कमेटी, KSCA, और RCB के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक हुई। विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों के आधार पर और इंतजामों की विस्तार से समीक्षा करने के बाद, माननीय गृह मंत्री ने बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में आने वाले IPL मैचों के आयोजन को औपचारिक रूप से मंजूरी दे दी है।
नवीनीकरण
स्टेडियम में हुआ है नवीनीकरण का काम
जस्टिस डी कुन्हा समिति की सिफारिशों के अनुसार, बोर्ड के पास स्टेडियम के नवीनीकरण का काम पूरा करने के लिए 15 मार्च की समय सीमा थी। ये सिफारिशें शहर में RCB के खिताब जीतने के बाद हुई भगदड़ की दुखद घटना के बाद लागू की गई थीं। स्टेडियम में सुधार का काम दिसंबर 2025 में KSCA चुनावों के बाद शुरू हुआ। वेंकटेश प्रसाद की समिति नवीनीकरण के कई अलग-अलग पहलुओं के संबंध में सरकार के साथ लगातार संपर्क में है।
मेजबानी
इस दुर्घटना के बाद से नहीं खेले गए थे चिन्नास्वामी में मैच
पिछले साल RCB के ट्रॉफी जीत के जश्न के दौरान मची भगदड़ में 10 से अधिक लोगों की मौत के बाद स्टेडियम में कोई भी मैच आयोजित नहीं किया गया। विजय हजारे ट्रॉफी के मुकाबले भी इस मैदान को नहीं दिए गए और BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्टेडियम में मैच कराए गए थे। पिछले साल बेंगलुरु महिला विश्व कप की मेजबानी से भी वंचित रहा और आगामी पुरुष टी-20 विश्व कप में भी उसे मैच नहीं मिला।
मेजबानी
चिन्नास्वामी में RCB खेलेगी अपने 5 घरेलू मैच
अब मंजूरी मिल जाने के बाद, यह स्टेडियम आने वाले IPL सीजन में अपने तय मैच करवाने के लिए तैयार है। IPL 2026 के शुरुआती मैच (RCB बनाम SRH) को मिलाकर, चिन्नास्वामी स्टेडियम RCB के कुल 5 घरेलू मैचों की मेजबानी करेगा, जबकि टीम अपने बाकी 2 घरेलू मैच रायपुर में खेलेगी। इसके साथ ही एक प्लेऑफ मैच और फाइनल भी चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। हालांकि, अभी प्लेऑफ मैचों के शेड्यूल की घोषणा नहीं हुई है।