IPL 2026: CSK को लगा बड़ा झटका, आयुष म्हात्रे बचे हुए सीजन से बाहर
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के लिए बुरी खबर है। दरअसल, CSK के बल्लेबाज आयुष म्हात्रे बचे हुए सीजन से बाहर हो गए हैं। वह चोट के कारण बचे हुए मैचों के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। वह 18 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ हुए मैच में खेलते हुए नजर आए थे। CSK ने मंगलवार (21 अप्रैल) को आधिकारिक रूप से ये ऐलान किया है।
बयान
हैमस्ट्रिंग में चोट के कारण बाहर हुए म्हात्रे
CSK ने बयान में स्पष्ट किया कि म्हात्रे हैमस्ट्रिंग में चोट के कारण बचे हुए सीजन से बाहर हुए हैं। CSK ने एक्स पर पोस्ट किया, '18 अप्रैल को SRH के खिलाफ मैच के दौरान बल्लेबाजी करते समय बाईं हैमस्ट्रिंग में चोट लगने के कारण आयुष म्हात्रे IPL 2026 के बाकी मैचों से बाहर हो गए हैं। आयुष की चोट के ठीक होने में 6-12 हफ्तों का समय लगेगा। हम आयुष के जल्द ठीक होने की कामना करते हैं।'
प्रदर्शन
प्रभावशाली रहा म्हात्रे का प्रदर्शन
शीर्षक्रम के बल्लेबाज म्हात्रे ने IPL 2026 में 6 पारियों में 33.50 की औसत और 177.87 की स्ट्राइक रेट के साथ 201 रन बनाए। इस बीच उन्होंने 2 अर्धशतक लगाए। उन्होंने PBKS के खिलाफ 73 रन और DC के विरुद्ध 59 रन की पारियां खेलीं थी। म्हात्रे इस सीजन में फिलहाल CSK की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। ऐसे में उनका बाहर होना टीम के लिए बड़ा झटका है।
चोट
चोटिल खिलाड़ियों से जूझ रही है CSK की टीम
CSK की टीम इस सीजन में चोटिल खिलाड़ियों की समस्या से जूझ रही है। इससे पहले नाथन एलिस और खलील अहमद भी बाहर हो चुके हैं। टीम के दिग्गज बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी भी फिटनेस कारणों से अब तक नहीं खेल सके हैं। वहीं, CSK के प्रदर्शन की बात करें तो इस सीजन में रुतुराज गायकवाड़ की अगुआई वाली टीम ने 2 जीत दर्ज की है और 4 में हार झेली है।