IPL 2026: GT ने LSG को हराते हुए अपनी दूसरी जीत दर्ज की, ये बने रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 19वें मैच में गुजरात टाइटंस (GT) ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को 7 विकेट से हराते हुए अपनी दूसरी जीत दर्ज की। इकाना स्टेडियम में हुए मैच में LSG ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट खोकर 164 रन बनाए। जवाब में GT ने आसानी से लक्ष्य हासिल किया, जिसमें कप्तान शुभमन गिल (56) और जोस बटलर (60) ने अर्धशतक लगाए। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
GT ने आसानी से हासिल किया लक्ष्य
LSG से मिचेल मार्श (11), आयुष बडोनी (9) और ऋषभ पंत (18) जल्दी आउट हुए। निरंतर गिर रहे विकेटों के बीच सलामी बल्लेबाज एडेन मार्करम ने 30 रन बनाए। आखिरी ओवरों के दौरान मोहम्मद शमी ने 5 गेंदों में नाबाद 12 रन बनाए और LSG ने सम्मानजनक स्कोर बनाया। जवाब में GT से साई सुदर्शन (15) के आउट होने के बाद बटलर और गिल ने अर्धशतक लगाए और टीम ने 18.4 ओवर में जीत दर्ज की।
कृष्णा
प्रसिद्ध कृष्णा ने लिए 4 विकेट, किया अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
प्रसिद्ध ने पारी के 7वें और अपने पहले ओवर में विपक्षी टीम के सलामी बल्लेबाज एडेन मार्करम (30) का विकेट चटकाया। इस तेज गेंदबाज ने अपने दूसरे ओवर में सिर्फ 3 रन दिए और इस बीच आयुष बडोनी को पवेलियन की राह दिखाई। इसके बाद प्रसिद्ध ने निकोलस पूरन (19) और मुकुल चौधरी (18) को आउट किया। उन्होंने अपने 4 ओवर में 28 रन देते हुए ये विकेट चटकाए।
गिल
गिल ने पूरे किए अपने 4,000 IPL रन
गिल ने अर्धशतक लगाया और इस बीच उन्होंने अपने IPL करियर के 4,000 रन पूरे किए। LSG के खिलाफ अपना 25वां रन बनाकर उन्होंने ये मुकाम हासिल किया। सिर्फ 118 पारियों में यह आंकड़ा छूने वाले गिल ने IPL में 4,000 रन बनाने वाले दूसरे सबसे तेज भारतीय खिलाड़ी भी बन गए। क्रिकइंफो के अनुसार, भारतीय बल्लेबाजों में सिर्फ केएल राहुल (105 पारियां) ही उनसे तेज इस आंकड़े तक पहुंचे हैं।
बटलर
बटलर ने पूरे किए अपने 14,000 टी-20 रन
बटलर ने अपने टी-20 क्रिकेट करियर का 100वां अर्धशतक लगाया। वह 37 गेंदों में 60 रन बनाकर आउट हुए। अपनी इस अर्धशतकीय पारी में उन्होंने 11 चौके लगाए। टी-20 क्रिकेट में उन्होंने अपने 14,000 रन भी पूरे किए। IPL 2026 में बटलर ने अब तक 4 पारियों में 57.33 की औसत और 157.79 की स्ट्राइक रेट के साथ 172 रन बनाए। उन्होंने लगातार दूसरा अर्धशतक लगाते हुए जीत में अहम भूमिका निभाई।
जानकारी
टी-20 में 100 अर्धशतक वाले तीसरे बल्लेबाज बने बटलर
बटलर टी-20 क्रिकेट में 100 अर्धशतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज बने। बता दें कि विराट कोहली और डेविड वार्नर ये कारनामा कर चुके हैं।
सूची
इस सूची में शामिल हुए बटलर
क्रिकइंफो के अनुसार, बटलर ने 497 टी-20 मैचों की 468 पारियों में 34 से ज्यादा की औसत से 14,000 से अधिक रन बनाए हैं। वह इस आंकड़े को छूने वाले 5वें बल्लेबाज बने। टी-20 रनों के मामले में बटलर से आगे सिर्फ क्रिस गेल (14,562), कीरोन पोलार्ड (14,482), एलेक्स हेल्स (14,449) और डेविड वॉर्नर (14,121) ही हैं। इस इंग्लिश खिलाड़ी ने इस प्रारूप में 8 शतक और 100 अर्धशतक बनाए हैं।
ट्विटर पोस्ट
ऐसी है अंक तालिका
🚨 POINTS TABLE OF IPL 2026 🚨
— Maina Singh (@Maina_Singhx77) April 12, 2026
- Gujarat Titans moves upto 5th spot with win vs LSG.
- LSG slipped down to 6th position in points table of IPL 2026. pic.twitter.com/qN8PlSUzhr