शुभमन गिल अर्धशतक के साथ IPL में पूरे किए 4,000 रन, बने दूसरे सबसे तेज भारतीय
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 19वें मैच में गुजरात टाइटंस (GT) के कप्तान शुभमन गिल ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी (56) खेली। इस दौरान उन्होंने खास उपलब्धि हासिल की। पारी का 25वां रन बनाते ही उनके IPL में 4,000 रन पूरे हो गए। इसके साथ वह IPL में यह उपलब्धि हासिल करने वाले दूसरे सबसे तेज भारतीय बन गए। उनकी पारी से GT की टीम तेजी से लक्ष्य की ओर बढ़ी।
बल्लेबाजी
कैसा रही गिल की पारी और साझेदारी?
GT को 165 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए गिल और साई सुदर्शन (16) की जोड़ी ने 45 रन जोड़कर सधी हुई शुरुआत दिलाई। उसके बाद गिल ने जोस बटलर (60) के साथ दूसरे विकेट के लिए 84 रन की अहम साझेदारी कर टीम को जीत के करीब पहुंचाया। यह गिल का 28वां अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 34 गेंदों में पूरा किया। वह 40 गेंदों में 6 चौके और 1 छक्के से 56 रन बनाकर आउट हुए।
रिकॉर्ड
केएल राहुल के नाम दर्ज है सबसे तेज 4,000 रन बनाने का रिकॉर्ड
गिल ने IPL में 4,000 रन पूरे करने के लिए 121 मैचों की 118 पारियां खेली है। 3 इस मामले में केवल दिल्ली कैपिटल्स (DC) के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल (105 पारियां) ही उनसे आगे हैं। राहुल इस मुकाम तक पहुंचने वाले सबसे तेज खिलाड़ी भी हैं। इस सूची में वेस्टइंडीज के क्रिस गेल (112 पारियां), ऑस्ट्रेलिया के डेविड वार्नर (114) और इंग्लैंड के जोस बटलर (116) अन्य बल्लेबाज हैं जिन्होंने गिल से पहले 4,000 रन पूरे किए हैं।
जानकारी
गिल ने IPL 2026 में जड़ा लगातार दूसरा अर्धशतक
गिल का यह IPL 2026 में लगातार दूसरा अर्धशतक है। इससे पहले उन्होंने DC के खिलाफ पिछले मुकाबले में 70 रन की पारी खेली थी। वह इस संस्करण में अब तक 3 मैचों में 55 की औसत से 165 रन अपने नाम कर चुके हैं।
करियर
शानदार रहा है गिल का IPL करियर
गिल ने साल 2018 में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ अपने IPL करियर का आगाज किया था। वह अब तक 121 मैच खेले हैं, जिसकी 118 पारियों में लगभग 40 की औसत और 139.05 की स्ट्राइक रेट के साथ 4,030 से अधिक रन बनाने में कामयाब रहे हैं। उनके बल्ले से 4 शतक और 28 अर्धशतक निकले हैं। इस बीच उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 129 रन का रहा है। वह इस लीग में अब तक 125 छक्के भी जड़ चुके हैं।