IPL 2026: LSG बनाम RR मुकाबले का प्रीव्यू और आंकड़े, जानिए कैसी होगी लखनऊ की पिच
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 32वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) का सामना राजस्थान रॉयल्स (RR) से 22 अप्रैल को होगा। RR ने अब तक 4 मैच जीते हैं और 2 में शिकस्त झेली है, जबकि LSG ने सिर्फ 2 मुकाबले जीते हैं और 4 में हार का सामना किया है। अब लखनऊ के इकाना स्टेडियम में LSG और RR की टीमें आमने-सामने होंगी। आइए मैच से जुड़ी जरूरी बातों पर एक नजर डालते हैं।
हेड-टू-हेड
LSG के खिलाफ RR का पलड़ा रहा है भारी
अब तक दोनों टीमों की भिड़ंत में RR का पलड़ा भारी रहा है। दोनों टीमें 6 मैचों में आमने-सामने हुई हैं, जिसमें से 4 मुकाबले RR ने अपने नाम किए हैं, वहीं LSG सिर्फ 2 मैच ही जीत पाई है। IPL 2025 में दोनों टीमें सिर्फ एक मैच में आपस में भिड़ी थी, जिसमें LSG ने 2 रन से जीत दर्ज की थी। यह IPL 2026 में दोनों टीमों के बीच पहली भिड़ंत होने वाली है।
LSG
ऐसी हो सकती है LSG की टीम
LSG को अपने पिछले मैच में पंजाब किंग्स के खिलाफ 54 रन से करारी शिकस्त मिली थी। उस मैच में LSG के गेंदबाज बेहद महंगे साबित हुए थे। PBKS ने 254/7 का स्कोर बनाया था। ऐसे में LSG के गेंदबाज अपने प्रदर्शन में सुधार करने का प्रयास करेंगे। संभावित एकादश: एडेन मार्करम, मिचेल मार्श, ऋषभ पंत (कप्तान) (विकेटकीपर), निकोलस पूरन, आयुष बडोनी, मुकुल चौधरी, मोहम्मद शमी, आवेश खान, प्रिंस यादव, मणिमारन सिद्धार्थ, और मोहसिन खान।
RR
इस संयोजन के साथ उतर सकती है RR की टीम
RR को अपने पिछले मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के विरुद्ध हार मिली थी। उस मैच में RR की टीम 155 रन ही बना सकी थी। RR के कप्तान रियान पराग इस समय खराब फॉर्म में चल रहे हैं। वह लय में वापसी का प्रयास करेंगे। संभावित एकादश: वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), शिमरन हेटमायर, डोनोवन फरेरा, रविंद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर,संदीप शर्मा, और रवि बिश्नोई।
जानकारी
ये हो सकते हैं इम्पैक्ट सब्स प्लेयर
LSG: अब्दुल समद, दिग्वेश सिंह राठी, मयंक यादव, एनरिक नोर्खिया, और शाहबाज अहमद। RR: बृजेश शर्मा, तुषार देशपांडे, शुभम दुबे, एडम मिल्ने, और दासुन शनाका।
स्टेडियम
कैसा है इकाना स्टेडियम की पिच का मिजाज?
इकाना स्टेडियम की पिच का निर्माण काली मिट्टी से किया गया है। इस पर स्पिन गेंदबाजों को काफी मदद मिलती है। यहां शुरुआत में तेज गेंदबाजों को भी मदद मिलती है, लेकिन समय निकलने के साथ-साथ स्पिनर्स हावी होने लगते हैं। पिछले संस्करण में यहां बल्लेबाजी भी काफी अच्छी हुई थी। पहले 200+ के स्कोर बनने मुश्किल होते थे, लेकिन अब यहां खूब रन भी बनते हैं। हाउस्टेट के मुताबिक, मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर 173 रन है।
मौसम
ऐसा रहेगा लखनऊ का मौसम
एक्यूवेदर के अनुसार, 22 अप्रैल को लखनऊ का मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री रहने का अनुमान है। बारिश की संभावना एकदम नहीं है। ऐसे में एक अच्छा मैच देखने मिल सकता है।
प्रदर्शन
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर होंगी नजरें
IPL 2026 में सूर्यवंशी का बल्ला खूब चल रहा है। इस युवा बल्लेबाज ने 6 पारियों में 41.00 की औसत और 236.53 की स्ट्राइक रेट से 246 रन बनाए हैं। LSG के तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने 6 मैचों में 17.18 की औसत और 8.59 की इकॉनमी रेट के साथ 11 विकेट लिए हैं। RR के स्पिनर रवि बिश्नोई ने 6 मुकाबलों में 19.00 की औसत के साथ 10 विकेट लिए हैं।
जानकारी
कब और कहां देखें मुकाबला?
LSG और RR के बीच यह मुकाबला लखनऊ के इकाना स्टेडियम में रात 7:30 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।