LOADING...
IPL 2026: LSG बनाम GT मुकाबले का प्रीव्यू और आंकड़े, जानिए कैसी होगी लखनऊ की पिच
GT से भिड़ेगी LSG (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2026: LSG बनाम GT मुकाबले का प्रीव्यू और आंकड़े, जानिए कैसी होगी लखनऊ की पिच

Apr 11, 2026
03:22 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 19वें मैच में गुजरात टाइटंस (GT) का सामना लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) से 12 अप्रैल को होगा। LSG ने अपने 3 में से 2 मैच जीते हैं और GT को 3 में से सिर्फ 1 मुकाबले में जीत मिली है। ऋषभ पंत की कप्तानी वाली LSG ने अपने आखिरी 2 मैच जीते हैं और वह जीत की हैट्रिक लगाने के इरादे से उतरेगी। आइए मैच से जुड़ी जरूरी बातों पर एक नजर डालते हैं।

हेड-टू-हेड 

लगभग बराबरी का रहा है मुकाबला 

GT और LSG के बीच 7 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से 4 मुकाबलों में GT को जीत मिली है, जबकि 3 मैच LSG ने अपने नाम किए हैं। IPL 2024 में दोनों टीमें 2 मैचों में आपस में भिड़ी थी, जिसमें LSG ने दोनों मुकाबले जीते थे। आखिरी बार GT ने LSG के खिलाफ 2023 में जीत दर्ज की थी। LSG का GT के विरुद्ध सर्वोच्च स्कोर 235 रन है।

LSG 

इस संयोजन के साथ नजर आ सकती है LSG

LSG ने अपने पिछले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को हराया था। उस मैच में आयुष बडोनी और मुकुल चौधरी ने अर्धशतक लगाए थे। मिचेल मार्श अपने पिछले 2 मैचों में बड़ी पारी नहीं खेल सके हैं। वह फॉर्म में वापसी करना चाहेंगे। संभावित एकादश: मिचेल मार्श, एडेन मार्करम, ऋषभ पंत (कप्तान/विकेटकीपर), निकोलस पूरन, आयुष बडोनी, मुकुल चौधरी, मणिमारन सिद्धार्थ, आवेश खान, मोहम्मद शमी, दिग्वेश सिंह राठी, और प्रिंस यादव

Advertisement

GT 

ऐसी हो सकती है GT की प्लेइंग इलेवन 

GT ने अपने आखिरी मैच में दिल्ली कैपिटल्स (DC) को हराया था। उस मैच में GT ने पहले बल्लेबाजी करके 210 रन बनाए और आखिरकार 1 रन से मैच जीता था। उस मैच में कप्तान शुभमन गिल ने 70 रन की पारी खेली थी। वह अपनी फॉर्म को बरकरार रखने की कोशिश करेंगे। संभावित एकादश: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, राशिद खान, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, और प्रसिद्ध कृष्णा।

Advertisement

जानकारी

ये हो सकते हैं इम्पैक्ट प्लेयर 

LSG: अब्दुल समद, शाहबाज अहमद, मयंक यादव, एनरिक नोर्खिया, और मोहसिन खान। GT: अशोक शर्मा, जेसन होल्डर, मानव सुथार, साई किशोर, और टॉम बैंटन।

स्टेडियम 

कैसा है इकाना स्टेडियम की पिच का मिजाज?

इकाना स्टेडियम की पिच का निर्माण काली मिट्टी से किया गया है। इस पर स्पिन गेंदबाजों को काफी मदद मिलती है। यहां शुरुआत में तेज गेंदबाजों को भी मदद मिलती है, लेकिन समय निकलने के साथ-साथ स्पिनर्स हावी होने लगते हैं। पिछले संस्करण में यहां बल्लेबाजी भी काफी अच्छी हुई थी। पहले 200+ के स्कोर बनने मुश्किल होते थे, लेकिन अब यहां खूब रन भी बनते हैं। हाउस्टेट के मुताबिक, मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर 173 रन है।

जानकारी

ऐसा रहेगा लखनऊ का मौसम

एक्यूवेदर के अनुसार, 12 अप्रैल को लखनऊ का मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री रहने का अनुमान है। बारिश की संभावना एकदम नहीं है। ऐसे में एक अच्छा मैच देखने मिल सकता है।

प्रदर्शन 

इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर होंगी नजरें 

IPL 2026 में बटलर ने अपनी 3 पारियों में 38.67 की औसत और 156.76 की स्ट्राइक रेट के साथ 116 रन बनाए हैं। GT के उपकप्तान राशिद खान ने अपने पिछले मैच में 3 विकेट चटकाए थे। वह 3 मैचों में कुल 5 विकेट ले चुके हैं। पंत को GT के खिलाफ बल्लेबाजी पसंद है। उन्होंने इस टीम के विरुद्ध 5 पारियों में 171.96 की स्ट्राइक रेट से 184 रन बनाए हैं।

जानकारी

कब और कहां देखें मैच?

LSG और GT के बीच यह मुकाबला 12 अप्रैल को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में दोपहर 3:30 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।

Advertisement