IPL 2026, KKR बनाम SRH: इन खिलाड़ियों के बीच देखने को मिलेगी जोरदार टक्कर
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के छठे मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) का सामना सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) से होगा। अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में KKR को अपने पहले मैच में हार मिली थी। ईशान किशन के नेतृत्व में SRH भी अपने पिछले मैच में शिकस्त झेल चुकी है। ऐसे में 2 अप्रैल को ईडन गार्डन स्टेडियम में होने वाले मैच में KKR और SRH के खिलाड़ियों की बीच रोचक मुकाबला देखने को मिल सकता है।
#1
अजिंक्य रहाणे बनाम जयदेव उनादकट
रहाणे का जयदेव उनादकट के खिलाफ रिकॉर्ड खराब रहा है। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने रहाणे को IPL में 4 पारियों में आउट किया है। दूसरी तरफ रहाणे ने उनादकट के सामने 34 गेंदों में 35 रन बनाए हैं। आंकड़ों की बात करें तो रहाणे ने IPL में SRH के खिलाफ अब तक 23 मैच खेले हैं और इसकी 22 पारियों में 25.29 की औसत और 109.26 की स्ट्राइक रेट के साथ 531 रन बनाए हैं।
#2
ईशान किशन बनाम सुनील नरेन
SRH के कप्तान किशन अपने पहले मैच में शानदार लय में नजर आए थे। उन्होंने MI के खिलाफ मैच में 80 रन की पारी खेली थी। अगले मैच में उन्हें सुनील नरेन की फिरकी का सामना करना पड़ सकता है। किशन और नरेन का 17 पारियों में आमना-सामना हुआ है और इस बीच कैरेबियाई दिग्गज ने 2 बार उन्हें आउट किया है। दूसरी तरफ किशन ने उनकी 38 गेंदों में 54 रन बनाए हैं।
#3
रिंकू सिंह बनाम हर्षल पटेल
रिंकू सिंह अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। वह आखिरी ओवरों में तेजी से रन बटोरकर मैच में अंतर पैदा करने की काबिलियत रखते हैं। दूसरी तरफ SRH के हर्षल पटेल भी डेथ ओवरों में उम्दा गेंदबाजी करते हैं। क्रिकइंफो के मुताबिक, IPL में रिंकू ने हर्षल के खिलाफ 26 गेंदों में 47 रन बनाए हैं। इस बीच हर्षल ने उन्हें 2 बार अपना शिकार बनाया है।