IPL 2026: KKR बनाम PBKS मुकाबले का प्रीव्यू और आंकड़े, जानिए कैसी होगी कोलकाता की पिच
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 12वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) का सामना पंजाब किंग्स (PBKS) से 6 अप्रैल को होगा। एक तरफ जहां KKR को अपने पहले दोनों मैच में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं, PBKS ने अपने पहले दोनों मैच जीते हैं। ऐसे में अजिंक्य रहाणे की कप्तानी वाली KKR की टीम अपने घर में पहली जीत दर्ज करने को देखेगी। आइए मैच से जुड़ी सभी जरूरी बातों पर एक नजर डालते हैं।
हेड-टू-हेड
PBKS के खिलाफ KKR का पलड़ा रहा है भारी
KKR और PBKS के बीच अब तक 35 मुकाबले हुए हैं। इस दौरान KKR ने 21 मैचों में जीत दर्ज की है। PBKS 13 मैच ही अपने नाम कर पाई है। 1 मैच में कोई नतीजा नहीं निकला है। IPL 2025 में दोनों टीमों के बीच 2 मुकाबले हुए थे। एक मैच में कोई नतीजा नहीं निकला था। वहीं, दूसरा मुकाबला PBKS ने 16 रन से जीता था। KKR को PBKS के खिलाफ आखिरी जीत IPL 2023 में मिली थी।
प्लेइंग इलेवन
ऐसी हो सकती है KKR की प्लेइंग इलेवन
KKR की गेंदबाजी पहले दोनों मैच में कुछ खास नहीं रही है। दूसरे मैच में तो टीम के बल्लेबाज भी फ्लॉप रहे। ऐसे में PBKS के खिलाफ मैच में अनुभवी सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती से काफी उम्मीदें होंगी। बल्लेबाजी में रिंकू सिंह से एक बड़ी पारी खेलने को देखेंगे। संभावित एकादश: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), कैमरून ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, सुनील नरेन, वरुण चक्रवर्ती, वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी और ब्लेसिंग मुजरबानी।
एकादश
इस संयोजन के साथ उतर सकती है PBKS
लगातार 2 मैचों में मिली जीत के बाद PBKS अपनी प्लेइंग इलेवन में ज्यादा बदलाव करने को नहीं देखेगी। तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह अभी अपना लय प्राप्त नहीं कर पाए हैं। ऐसे में वह इस मुकाबले में बेहतर करना चाहेंगे। कूपर कॉनॉली अपनी शानदार फॉर्म इस मैच में भी जारी रखना चाहेंगे। संभावित एकादश: प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कॉनॉली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शशांक सिंह, नेहल वढेरा, मार्कस स्टोइनिस, मार्को यानसन, जेवियर बार्टलेट, विजय वैशाक, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल।
जानकारी
ये हो सकते हैं इम्पैक्ट सब्स प्लेयर
PBKS: सूर्यांश शेडगे, प्रियांश आर्य, विष्णु विनोद, प्रवीण दुबे और हरप्रीत बरार। KKR: फिन एलन, मनीष पांडे, सौरभ दुबे, रोवमैन पॉवेल और तेजस्वी दहिया
पिच
कैसी है पिच का मिजाज?
ईडन गार्डन स्टेडियम में काली मिट्टी की पिच बनाई जाती है। ऐसे में यह बल्लेबाजों को काफी रास आती है। खेल की शुरुआत में यहां तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिलती है। उसके बाद स्पिनर्स हावी होते हैं। इस पिच पर अगर बल्लेबाज की निगाह एक बार जम गई तो आसानी से बड़े-बड़े शॉट्स लगते हैं। यहां की तेज आउटफील्ड भी बल्लेबाजों के पक्ष में जाती है। हाउस्टेट के मुताबिक, IPL में पहली पारी का औसत स्कोर 165 रन है।
जानकारी
ऐसा रहेगा कोलकाता का मौसम?
एक्यूवेदर के अनुसार, 6 अप्रैल को कोलकाता का मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहने का अनुमान है। बारिश की संभावना नहीं है। ऐसे में एक अच्छा मैच देखने मिल सकता है।
नजर
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेंगी नजरें
IPL 2026 में कॉनॉली ने 2 पारियों में 108 की औसत और 163.63 की स्ट्राइक रेट से 108 रन बनाए हैं। प्रभसिमरन के बल्ले से 2 पारियों में 40 की औसत से 80 रन निकले हैं। KKR के लिए रघुवंशी ने 2 पारियों में 51.50 की औसत से 103 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में वैशाक ने 2 पारियों में 14.40 की औसत से 5 विकेट चटकाए हैं। मुजरबानी ने 2 पारियों में 18.75 की औसत से 4 विकेट लिए हैं।
जानकारी
कब और कहां देखें मुकाबला?
KKR और PBKS के बीच यह मुकाबला 6 अप्रैल को कोलकाता के ईडन गार्डन स्टेडियम में रात 7:30 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।