IPL 2026: किरोन पाेलार्ड पर लगा मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना, जानिए कारण
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 58वें मैच में मुंबई इंडियंस (MI) ने पंजाब किंग्स (PBKS) को 6 विकेट से हरा दिया। इसके बाद MI के बल्लेबाजी कोच किरोन पोलार्ड पर IPL आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया। मैच के दौरान चौथे अंपायर के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग करने के दोषी पाए जाने पर उन्हें यह सजा दी गई है। यह घटना MI की पारी के 19वें ओवर में हुई थी।
उल्लंघन
पोलार्ड ने किया अनुच्छेद 2.3 का उल्लंघन
पोलार्ड ने मैच रेफरी पंकज धरमानी द्वारा लगाए गए दंड को स्वीकार कर लिया है। उन्हें आचार संहिता के अनुच्छेद 2.3 का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया है, जो मैच के दौरान स्पष्ट रूप से अभद्र भाषा के प्रयोग से संबंधित है। MI के साथ अपने लंबे जुड़ाव के दौरान पोलार्ड को इस तरह के उल्लंघन के लिए पहली बार दंडित नहीं किया गया है। वह पहले भी कई बार मैच के दौरान अपना आपा खो चुके हैं।
झटका
PBKS की उम्मीदों को लगा बड़ा झटका
धर्मशाला में खेले गए इस रोमांचक मैच में अनुशासनहीनता की घटना घटी, जिसमें MI ने आखिरी ओवर की 5वीं गेंद पर जोरदार जीत दर्ज की। इस हार से PBKS की प्लेऑफ की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है, क्योंकि वह लगातार 5 मैच हार चुकी है। शीर्ष 4 में जगह बनाने की उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए उन्हें अपने बचे हुए दोनों मैच जीतने होंगे। एक और हार टीम के लिए बाहर होने का खतरा पैदा कर सकती है।
लेखा-जोखा
MI ने किस तरह दर्ज की जीत?
PBKS के लिए प्रियांश आर्य (22) और प्रभसिमरन ने पहले विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी की। इसके बाद श्रेयस अय्यर (4), शशांक सिंह (2) और सूर्यांश शेडगे (8) दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। संकट की घड़ी में अजमतुल्लाह उमरजई ने 38 रन बनाते हुए टीम का स्कोर 200 रन तक पहुंचाया। जवाब में MI ने रायन रिकेल्टन (48), तिलक वर्मा (75*) और विल जैक्स (25*) की पारी से शानदार जीत दर्ज कर ली।