IPL 2026: कगिसो रबाडा ने CSK के खिलाफ लिए 3 विकेट, बने प्लेयर ऑफ द मैच
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 37वें मैच में गुजरात टाइटंस (GT) ने चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी। एमए चिदंबरम स्टेडियम में हुए मैच में जीत के लिए मिले 159 रन के लक्ष्य को GT ने आसानी से हासिल किया। GT की जीत में कगिसो रबाडा ने 3 विकेट लिए, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। आइए उनकी गेंदबाजी के आंकड़ों के बारे में जानते हैं।
गेंदबाजी
शानदार रही रबाडा की गेंदबाजी
रबाडा ने अपने पहले ओवर में बिना विकेट लिए 10 रन दिए। अपने दूसरे ओवर में इस तेज गेंदबाज ने संजू सैमसन और उर्विल पटेल को आउट करते हुए विपक्षी टीम को बैकफुट में धकेल दिया। दक्षिण अफ्रीका के इस गेंदबाज ने अपने चौथे ओवर में कार्तिक शर्मा का विकेट चटकाया। उन्होंने अपने 4 ओवर में सिर्फ 25 रन देते हुए ये सफलताएं हासिल की। उनके बाद अरशद खान ने 2 विकेट अपने नाम किए।
लेखा-जोखा
इस तरह से जीती GT की टीम
एमए चिदंबरम स्टेडियम में हुए मैच में CSK ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 158/7 का स्कोर बनाया, जिसमें रुतुराज गायकवाड़ का अर्धशतक (74*) शामिल रहा। CSK से सैमसन (11), उर्विल(4), सरफराज खान (0) और डेवाल्ड ब्रेविस (2) सस्ते में आउट हुए। लक्ष्य का पीछा करते हुए शुभमन गिल (33) और साई सुदर्शन (87) ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। वहीं जोस बटलर (39*) ने भी जीत में योगदान दिया।
करियर
शानदार रहा है रबाडा का IPL करियर
रबाडा ने पहला IPL मैच साल 2017 में खेला था। उन्होंने इस लीग में 92 मुकाबले खेले हैं। इस दौरान 22.92 की औसत के साथ 132 विकेट लिए हैं। उनकी इकॉनमी रेट 9 से कम (8.69) की रही है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/21 का रहा है। IPL 2026 में रबाडा ने अब तक 8 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 22.61 की औसत और 9.48 की इकॉनमी रेट के साथ 13 विकेट चटकाए हैं।