IPL 2026: जोश हेजलवुड के खेलने पर अभी भी संशय, मेडिकल टीम से अनुमति का इंतजार
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया के स्टार तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड अभी भी अपने हैमस्ट्रिंग और अकिलीज टेंडन की चोट के कारण फिजियो की देखरेख में हैं। पहले उम्मीद की जा रही थी कि वह IPL 2026 के लिए फिट हो जाएंगे। हालांकि, हिन्दुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, सूत्रों ने पुष्टि की है कि हेजलवुड अभी भी मेडिकल टीम से अनुमति का इंतजार कर रहे हैं, जिसके बाद ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का यह खिलाड़ी उपलब्ध हो पाएगा।
बयान
सूत्र ने क्या कहा?
मामले से जुड़े एक सूत्र ने हिन्दुस्तान टाइम्स को बताया, "वह अभी भी फिजियो की देखरेख में हैं और IPL में उनकी भागीदारी इस बात पर निर्भर करेगी कि उन्हें मेडिकल क्लियरेंस मिलती है या नहीं। अभी काफी समय है, लेकिन फिलहाल यह 'वेट एंड वॉच' की स्थिति है।" हेजलवुड का IPL रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने 39 मैचों में 57 विकेट लिए हैं, जिसमें उनका औसत 20.98 और इकॉनमी रेट 8.27 रहा है।
प्रदर्शन
पिछले सीजन में शानदार रहा था प्रदर्शन
पिछले IPL सीजन में हेजलवुड RCB के स्टार गेंदबाज रहे थे। उन्होंने 12 मैचों में 22 विकेट लिए थे। उनकी शानदार गेंदबाजी ने रजत पाटीदार की कप्तानी वाली टीम को पहला IPL खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। हालांकि, नवंबर में न्यू साउथ वेल्स के लिए खेलते समय लगी चोट के कारण वह एशेज सीरीज के पहले टेस्ट से बाहर हो गए थे। इसके बाद उन्हें पूरी एशेज सीरीज और टी-20 विश्व कप से भी बाहर होना पड़ा था।
अन्य खिलाड़ी
पैट कमिंस भी चोट से जूझ रहे
सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के कप्तान पैट कमिंस भी फिलहाल पीठ की चोट के कारण फिजियो की देखरेख में हैं। उन्होंने एशेज सीरीज में केवल एडिलेड टेस्ट खेला था और बाद में टी-20 विश्व कप शुरू होने से 10 दिन पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे। IPL 2026 से पहले हेजलवुड और कमिंस दोनों की फिटनेस पर उनकी-उनकी मेडिकल टीमें नजर रख रही हैं। दोनों खिलाड़ी आगामी IPL खेल पाएंगे या नहीं, फिलहाल इसपर कुछ नहीं कहा जा सकता।