IPL 2026: केएल राहुल का PBKS के खिलाफ कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का रोमांच लगातार बढ़ता जा रहा है। अजेय पंजाब किंग्स (PBKS) नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में अस्थिर प्रदर्शन कर रही दिल्ली कैपिटल्स (DC) का सामना करने के लिए तैयार है। यह मैच शनिवार दोपहर को खेला जाएगा और इसमें सबकी निगाहें शानदार फॉर्म में चल रहे DC के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल पर होंगी। ऐसे में आइए PBKS के खिलाफ राहुल के प्रदर्शन पर एक नजर डाल लेते हैं।
आंकड़े
राहुल ने PBKS के खिलाफ 31.50 की औसत से बनाए हैं रन
ESPN क्रिकइंफो के अनुसार, राहुल ने PBKS के खिलाफ 11 IPL मैचों में 31.50 की औसत से 252 रन बनाए हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 141.57 की रही है, जो काफी अच्छा है। PBKS के खिलाफ राहुल का एकमात्र 50+ स्कोर 2023 में 56 गेंदों में 74 रन का था। 4 मौकों पर राहुल 20 रन से कम पर आउट हुए हैं। इस अनुभवी बल्लेबाज ने अरुण जेटली स्टेडियम में PBKS के खिलाफ कभी तक कोई मैच नहीं खेला है।
रिकॉर्ड
राहुल के नाम दर्ज है PBKS के लिए सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड
बता दें कि राहुल कभी PBKS टीम का हिस्सा थे। उन्होंने 2020 और 2021 में टीम की कप्तानी भी की थी। 2022 के टूर्नामेंट से पहले फ्रेंचाइजी छोड़ने के बावजूद राहुल अभी भी IPL में PBKS के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने PBKS के लिए 55 मैचों में 56.62 के शानदार औसत से 2,548 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 2 शतक और 23 अर्धशतक भी जड़े थे। उनकी स्ट्राइक रेट 139.76 की रही थी।
करियर
कैसा रहा है राहुल का IPL करियर?
राहुल ने अपना पहला मुकाबला साल 2013 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 151 मुकाबले खेले हैं और इसकी 142 पारियों में 45.61 की औसत और 136.98 की स्ट्राइक रेट से 5,427 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 5 शतक और 42 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 132* रन रहा है। वह 3 टीमों से शतक लगाने वाले चुनिंदा खिलाड़ियों में से एक हैं।