IPL 2026: जानिए क्यों अब बेंगलुरु की जगह अहमदाबाद में खेला जाएगा फाइनल मैच
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का फाइनल मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। पहले इस खिताबी मैच के बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में होना था, लेकिन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अपने आधिकारिक ऐलान के साथ अहमदाबाद के नाम पर अंतिम मुहर लगाई। पिछले सीजन का फाइनल भी अहमदाबाद में ही खेला गया था। इस बदलाव के प्रमुख कारण के बारे में विस्तार से जानते हैं।
बयान
BCCI ने जारी किया था ये बयान
मूल रूप से IPL की मौजूदा चैंपियन टीम के घरेलू मैदान को फाइनल की मेजबानी दी जाती है, लेकिन कुछ कारणों से इस बाद ऐसा नहीं हो पाया है। BCCI के सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि IPL 2026 के फाइनल की मेजबानी के लिए बेंगलुरु को चुना गया था, लेकिन स्थानीय संघ और अधिकारियों की कुछ आवश्यकताएं BCCI के स्थापित दिशानिर्देशों और प्रोटोकॉल के बाहर थीं। ऐसे में आयोजन स्थल को स्थानांतरित कर दिया गया।
बारिश
बारिश की संभावना के बीच हुआ बदलाव
इस बदलाव के पीछे प्रमुख कारण बेंगलुरु में बारिश की संभावना भी है। दरअसल, मई के आखिरी सप्ताह में बेंगलुरु में बारिश की संभावना है और BCCI नहीं चाहता कि टूर्नामेंट का फाइनल मैच बाधित हो। अहमदाबाद का स्टेडियम दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट मैदान है, जहां बड़ी संख्या में दर्शक मैच का आनंद ले सकते हैं। साथ ही अहमदबाद का मौसम बेंगलुरु की तुलना में साफ रहने की उम्मीद है, जिससे मैच बिना रुकावट पूरा हो सके।
2025
IPL 2025 का फाइनल भी अहमदाबाद में खेला गया था
IPL 2025 का फाइनल भी अहमदाबाद में हुआ था, जिसका खिताब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने जीता था। रजत पाटीदार की कप्तानी वाली टीम ने फाइनल में पंजाब किंग्स को 6 रन से हराया था। उस मैच में RCB ने पहले खेलते हुए निर्धारित 20 ओवरों के बाद 190/9 का स्कोर बनाया था। RCB से विराट कोहली ने सर्वाधिक 43 रन बनाए थे। लक्ष्य का पीछा करते हुए PBKS से शशांक सिंह ने नाबाद 61 रन बनाकर संघर्ष दिखाया था।