IPL 2026: DC बनाम PBKS मुकाबले का प्रीव्यू और आंकड़े, जानिए कैसी होगी दिल्ली की पिच
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 35वां मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स (DC) और पंजाब किंग्स (PBKS) के बीच 25 अप्रैल (शनिवार) को खेला जाएगा। PBKS ने इस संस्करण 6 मुकाबले खेले हैं और उसे 5 में जीत मिली है। एक मैच बारिश के कारण रद्द हुआ था। DC ने 6 मैच खेले हैं। 3 मैच में उसे जीत और इतने ही मुकाबलों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। आइए मुकाबले से जुड़ी सभी जरूरी बातों पर नजर डालते हैं।
हेड-टू-हेड
दोनों टीमों के बीच रहा है बराबरी का मुकाबला
IPL में DC और PBKS के बीच 35 मुकाबले हुए हैं। DC को 17 मैच में जीत मिली है। PBKS ने भी 17 मुकाबले जीते हैं। एक मैच में कोई नतीजा नहीं निकल पाया है। IPL 2025 में दोनों टीमों के बीच 2 मुकाबला हुआ था। एक मैच में कोई नतीजा नहीं निकला था और दूसरा मैच DC ने 6 विकेट से अपने नाम किया था। IPL 2024 का एकमात्र मैच PBKS ने 4 विकेट से जीता था।
DC
ऐसी हो सकती है DC की प्लेइंग इलेवन
DC को पिछले मुकाबले में SRH के खिलाफ 47 रन से हार का सामना करना पड़ा था। टूर्नामेंट में सलामी बल्लेबाज पथुम निसांका पूरी तरह से फ्लॉप रहे हैं। ऐसे में उनकी जगह पृथ्वी शॉ को मौका मिल सकता है। गेंदबाजी में कुलदीप यादव से इस मैच में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी। संभावित एकादश: पृथ्वी शॉ, केएल राहुल (विकेटकीपर), समीर रिजवी, नितीश राणा, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल (कप्तान), डेविड मिलर, कुलदीप यादव, मुकेश कुमार, टी नटराजन और लुंगी एनगिडी।
एकादश
इस संयोजन के साथ नजर आ सकती है PBKS
PBKS को लगातार मैचों में जीत मिल रही है। ऐसे में वह DC के खिलाफ अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं करना चाहेगी। एक बार फिर सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्य धमाकेदार शुरुआत करना चाहेंगे। गेंदबाजी में युजवेंद्र चहल और अर्शदीप सिंह से उम्मीद होगी। संभावित एकादश: प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्य, कूपर कॉनॉली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शशांक सिंह, नेहल वढेरा, मार्कस स्टोइनिस, मार्को यानसन, जेवियर बार्टलेट, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल।
जानकारी
ये हो सकते हैं इम्पैक्ट सब्स प्लेयर
PBKS: विजयकुमार वैशाक, हरप्रीत बरार, सूर्यांश शेडगे, यश ठाकुर और विष्णु विनोद। DC: करुण नायर, दुष्मंथा चमीरा, आशुतोष शर्मा, त्रिपुराना विजय और आकिब नबी।
पिच
कैसी होगी पिच?
अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग है। तेज आउटफील्ड और छोटी सीमाएं बल्लेबाजों को तेजी से रन बनाने की प्रेरित करती हैं। इस पिच पर तेज गेंदबाजों के लिए ज्यादा कुछ नहीं है। ऐसे में उन्हें विकेट निकालने के लिए अतिरिक्त प्रयास करने होते हैं। स्पिनरों को पिच से मदद मिलती है और उनका रिकॉर्ड भी अच्छा है। इस स्टेडियम की पिच काली मिट्टी से बनी है, जो काफी कठोर और सपाट है।
जानकारी
ऐसा होगा दिल्ली का मौसम
एक्यूवेदर के मुताबिक 25 अप्रैल को दिल्ली में अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री रहने की उम्मीद है। मैच दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा। ऐसे में गर्मी से खिलाड़ियों को परेशानी होगी। बारिश की कोई भी संभावना नहीं है।
नजर
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेगी नजरें
राहुल ने पिछले 10 मुकाबलों में 162.88 की स्ट्राइक रेट से 373 रन बनाए हैं। PBKS के लिए श्रेयस ने पिछले 10 मैचों में 184.09 की स्ट्राइक रेट से 324 रन बनाए हैं। प्रियांश के बल्ले से पिछले 9 मैच में 324 रन निकले हैं। गेंदबाजी में कुलदीप ने पिछले 9 मैच में 8 विकेट चटकाए हैं। मुकेश के नाम 8 मैच में 8 विकेट है। PBKS के लिए अर्शदीप ने पिछले 10 मैच में 11 विकेट लिए हैं।
जानकारी
कब और कहां देखें मुकाबला?
DC और PBKS के बीच यह मुकाबला 24 अप्रैल को दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में दोपहर 3:30 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।