IPL 2026, CSK बनाम PBKS: इन खिलाड़ियों के बीच देखने को मिलेगी जोरदार टक्कर
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 7वें मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) का सामना पंजाब किंग्स (PBKS) से 3 अप्रैल को होगा। रुतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में CSK अपनी पहली जीत की तलाश में होगी। हालांकि, श्रेयस अय्यर की नेतृत्व वाली PBKS से पार पाना CSK के लिए आसान नहीं होने वाला है। ऐसे में 3 अप्रैल को एमए चिदंबरम स्टेडियम में होने वाले मैच में CSK और PBKS के खिलाड़ियों की बीच रोचक मुकाबला देखने को मिल सकता है।
#1
संजू सैमसन बनाम मार्को जानसेन
RR-CSK मैच में बाएं हाथ के तेज गेंदबाज नांद्रे बर्गर ने संजू सैमसन को आउट किया था। सैमसन अब CSK की जर्सी में टीम को उम्दा शुरुआत दिलाना चाहेंगे। इस बीच उनका सामना मार्को जानसेन से हो सकता है। क्रिकइंफो के अनुसार, इस प्रोटियाज तेज गेंदबाज ने 8 टी-20 मुकाबलों में सैमसन को 2 बार आउट किया है। जानसेन के खिलाफ सैमसन का स्ट्राइक रेट 138.88 है।
#2
श्रेयस अय्यर बनाम खलील अहमद
अय्यर को खलील अहमद के सामने बल्लेबाजी करते हुए परेशानी हुई है। बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज के खिलाफ अय्यर ने 25 गेंदों में 33 रन बनाए हैं। इस दौरान खलील ने 3 बार उन्हें आउट किया है। CSK के विरुद्ध अय्यर ने 15 पारियों में 28.53 की औसत और 115.93 की स्ट्राइक रेट के साथ 371 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 72 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 2 अर्धशतक लगाए हैं।
#3
रुतुराज गायकवाड़ बनाम अर्शदीप सिंह
सैमसन की तरह, CSK के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ भी अपने पहले मैच में जल्दी आउट हुए थे। CSK के कप्तान को अगले मैच में अर्शदीप सिंह की चुनौती का सामना करना पड़ सकता है। खास बात यह है कि IPL में अर्शदीप ने 6 टी-20 मुकाबलों में गायकवाड़ को 3 बार आउट किया है। इस बीच गायकवाड़ ने अर्शदीप के खिलाफ 35 गेंदों का सामना करते हुए 40 रन बनाए हैं।