IPL 2026: CSK बनाम DC मुकाबले का प्रीव्यू और आंकड़े, जानिए कैसी होगी चेन्नई की पिच
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 18वें मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) का सामना दिल्ली कैपिटल्स (DC) से होगा। CSK ने 3 मुकाबले खेले हैं और उसे हर मैच में हार मिली है। ऐसे में वह यह मुकाबला हर हाल में जीतना चाहेगी। DC ने भी 3 मैच खेले हैं और उसे 2 मैच में जीत मिली है। 1 मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा है। आइए मैच से जुड़ी सभी जरूरी बातों पर एक नजर डालते हैं।
हेड-टू-हेड
DC के खिलाफ CSK का पलड़ा रहा है भारी
IPL में दोनों टीमों के बीच 31 मुकाबले हुए हैं। इस दौरान CSK को 19 मैच में जीत मिली है। DC ने 12 मैच अपने नाम किए हैं। IPL 2025 में दोनों के बीच 1 मैच हुआ था, जिसे DC ने 25 रन से अपने नाम किया था। IPL 2024 में भी दोनों टीमों के बीच 1 मैच हुआ और उसे भी DC ने 20 रन से जीता था। CSK ने DC को आखिरी बार IPL 2023 में हराया था।
प्लेइंग इलेवन
ये हो सकती है CSK की प्लेइंग इलेवन
CSK के सलामी बल्लेबाज और अनुभवी खिलाड़ी संजू सैमसन और रुतुराज गायकवाड़ इस संस्करण पूरी तरह से फ्लॉप रहे हैं। ऐसे में DC के खिलाफ वह हर हाल में बेहतर प्रदर्शन करना चाहेंगे। तेज गेंदबाजी की कमान खलील अहमद के कंधों पर होगी। नूर अहमद भी इस मैच में जोरदार वापसी करना चाहेंगे। संभावित एकादश: संजू सैमसन (विकेटकीपर), रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), आयुष म्हात्रे, मैथ्यू शॉर्ट, शिवम दुबे, कार्तिक शर्मा, जेमी ओवरटन, नूर अहमद, मैट हेनरी, अंशुल कंबोज, और खलील अहमद।
एकादश
इस संयोजन के साथ नजर आ सकती है DC
DC के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल ने पिछले मैच में 92 रन की शानदार पारी खेली थी। CSK के खिलाफ वह उसी फॉर्म को जारी रखना चाहेंगे। तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी और मुकेश कुमार अच्छे लय में हैं। ऐसे में वह भी DC के लिए एक और जोरदार प्रदर्शन करना चाहेंगे। संभावित एकादश: केएल राहुल (विकेटकीपर), पथुम निसांका, नितीश राणा, अक्षर पटेल (कप्तान), डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, विप्रज निगम, कुलदीप यादव, लुंगी एनगिडी, टी नटराजन और मुकेश कुमार।
जानकारी
ये हो सकते हैं इम्पैक्ट प्लेयर
CSK: सरफराज खान, प्रशांत वीर, राहुल चाहर, गुरजापनीत सिंह, और श्रेयस गोपाल। DC: आशुतोष शर्मा, आकिब नबी डार, समीर रिजवी, दुष्मंथा चमीरा और करुण नायर।
स्टेडियम
कैसा है एमए चिदंबरम स्टेडियम की पिच का मिजाज?
चेन्नई की पिच लाल मिट्टी से बनी है जो आमतौर पर स्पिनरों को मदद करती है। हालांकि, शुरुआती कुछ ओवरों में तेज गेंदबाजों को फायदा मिलता है। यहां की विकेट अमूमन सूखी और सख्त होती है जो मैच आगे बढ़ने के साथ और खराब होती जाती है। बल्लेबाजों को बड़े-बड़े शॉट्स लगाने के लिए नजरें जमाने होती है। हाउस्टेट के मुताबिक, IPL में यहां पर पहली पारी का औसत स्कोर 163 रन है।
जानकारी
कैसा रहेगा मौसम?
एक्यूवेदर के मुताबिक 11 अप्रैल को चेन्नई में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री रहने की उम्मीद है। मैच रात 7:30 बजे शुरू होगा। ऐसे में खिलाड़ियों को गर्मी से कम परेशानी होगी। मैच के दौरान बारिश की संभावना नहीं है।
नजर
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेगी नजर
आयुष ने पिछले 10 मुकाबलों में 180.45 की स्ट्राइक रेट से 314 रन बनाए हैं। शिवम के बल्ले से पिछले 10 मैच में 141.37 की स्ट्राइक रेट से 246 रन निकले हैं। राहुल ने पिछले 10 मैचों में 45.75 की औसत से 366 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में नूर ने पिछले 10 मैच में 9.67 की इकॉनमी से 12 विकेट चटकाए हैं। मुकेश ने पिछले 8 मैचों में 10.76 की इकॉनमी से 11 विकेट अपने नाम किए हैं।
जानकारी
कब और कहां देखें मुकाबला?
CSK और DC के बीच यह मुकाबला 11 अप्रैल को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में रात 7:30 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।