Page Loader
IPL 2025 में खूब चला यशस्वी जायसवाल का बल्ला, आंकड़ों के साथ जानिए उनका प्रदर्शन 
यशस्वी ने इस संस्करण अच्छा प्रदर्शन किया (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2025 में खूब चला यशस्वी जायसवाल का बल्ला, आंकड़ों के साथ जानिए उनका प्रदर्शन 

May 21, 2025
01:39 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में यशस्वी जायसवाल का बल्ला जमकर बोला। उन्होंने एक के बाद एक बेहतरीन पारियां खेलकर दर्शकों और विशेषज्ञों को अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित किया। पूरे संस्करण उन्होंने धैर्य और आक्रामकता का संतुलन बखूबी दिखाया। यशस्वी ने न सिर्फ अपनी टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई, बल्कि कई बार जीत की नींव भी रखी। हालांकि, इस शानदार प्रदर्शन के बावजूद राजस्थान रॉयल्स (RR) प्लेऑफ में नहीं पहुंच पाई। आइए यशस्वी के शानदार आंकड़ों पर नजर डालते हैं।

रन 

लगातार तीसरे संस्करण में बनाए 400 से ज्यादा रन 

यशस्वी ने लगातार तीसरे संस्करण में 400 से ज्यादा रन (559) बनाए हैं। IPL 2024 में उन्होंने 16 मैच में 31.07 की औसत और 155.91 की स्ट्राइक रेट से 435 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 1 शतक और 1 अर्धशतक निकला था। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 104* रन रहा था। IPL 2023 में उनके बल्ले से 14 पारियों में 48.07 की औसत और 163.61 की स्ट्राइक रेट से 625 रन निकले थे। उन्होंने 1 शतक और 5 अर्धशतक जड़े थे।

बल्लेबाजी

यशस्वी के आस-पास भी नहीं पहुंच पाय RR का कोई बल्लेबाज

यशस्वी ने इस संस्करण RR के लिए 559 रन बनाए। उनके अलावा टीम का कोई भी बल्लेबाज 400 रन भी नहीं बना पाया। रियान पराग दूसरे स्थान पर रहे। उन्होंने 14 मैच में 32.75 की औसत और 166.52 की स्ट्राइक रेट से 393 रन बनाए। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 95 रन रहा और उनके बल्ले से 1 अर्धशतक निकला। ध्रुव जुरेल ने 13 पारियों में 37 की औसत से 333 रन बनाए। उनके बल्ले से 2 अर्धशतक निकले।

IPL 2025

IPL 2025 में ऐसे रहे यशस्वी के आंकड़े 

यशस्वी ने 14 पारियों में 43 की औसत और 159.71 की स्ट्राइक रेट से 559 रन बनाए। उनके बल्ले से 6 अर्धशतक निकले और उनकी स्ट्राइक रेट 159.71 की रही। 14 मुकाबलों के आंकड़े इस प्रकार रहे:- 1 (5 गेंद), 29 (24 गेंद), 4 (3 गेंद), 67 (45 गेंद), 6 (7 गेंद), 75 (47 गेंद), 51 (37 गेंद), 74 (52 गेंद), 49 (19 गेंद), 70 (40 गेंद), 13 (6 गेंद), 34 (21 गेंद), 50 (25 गेंद) और 36 (19 गेंद)

करियर 

यशस्वी के IPL करियर पर एक नजर 

यशस्वी ने साल 2020 में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के खिलाफ अपने IPL करियर का आगाज किया था। वह अब तक 67 मैच खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने 34.38 की औसत और 152.85 की स्ट्राइक रेट से 2,166 रन बनाए हैं। वह 15 अर्धशतक के अलावा 2 शतक भी जड़ चुके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 124 रन का रहा है। वह इस लीग में अब तक 258 चौके और 92 छक्के जड़ चुके हैं।