Page Loader
IPL छोड़ 26 मई को अपने देश लौट सकते हैं दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ी, जानिए कारण
दक्षिण अफ्रीका के 20 खिलाड़ी IPL में खेलेंगे (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL छोड़ 26 मई को अपने देश लौट सकते हैं दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ी, जानिए कारण

May 14, 2025
10:49 am

क्या है खबर?

क्रिकेट साउथ अफ्रीका (CSA) ने कहा है कि वह अपने खिलाड़ियों को 26 मई तक इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 छोड़ घर वापस बुलाना चाहता है। कुल 20 दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी IPL 2025 में हिस्सा ले रहे हैं। मंगलवार को इनमें से 8 खिलाड़ियों का चयन विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल के लिए हुआ है, जो 11 जून से लॉर्ड्स में खेला जाएगा। इसी कारण CSA ने सभी चयनित खिलाड़ियों को समय पर वापस बुलाने का फैसला किया है।

बयान

दक्षिण अफ्रीका के कोच ने क्या कहा?

दक्षिण अफ्रीका के मुख्य कोच शुकरी कॉनराड ने कहा, "शुरुआती समझौता यह था कि फाइनल 25 मई को होगा और हमारे खिलाड़ी 26 मई को वापस लौटेंगे, ताकि उन्हें 30 मई को टीम के साथ रवाना होने से पहले भरपूर तैयारी का समय मिल सके। इस बारे में बातचीत चल रही है। हम अपने फैसले पर कायम हैं। हम चाहते हैं कि हमारे खिलाड़ी 26 मई को वापस लौटें और उम्मीद है कि ऐसा ही होगा।"

टीम

ये खिलाड़ी है WTC टीम का हिस्सा

कॉर्बिन बॉश (मुंबई इंडियंस), वियान मुल्डर (सनराइजर्स हैदराबाद), मार्को यानसेन (पंजाब किंग्स), एडेन मार्करम (लखनऊ सुपरजायंट्स), लुंगी एनगिडी (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु), कगिसो रबाडा (गुजरात टाइटंस), रयान रिकेलटन (मुंबई इंडियंस) और ट्रिस्टन स्टब्स (दिल्ली कैपिटल्स) को WTC फाइनल के लिए टीम में शामिल किया गया है। ये खिलाड़ी 31 मई को अफ्रीकी टीम से जुड़ेंगे। 3 से 6 जून के बीच जिम्बाब्वे के खिलाफ एक अभ्यास मैच भी खेलना है। 7 जून को वे WTC फाइनल के लिए लंदन रवाना होंगे।