
IPL 2025: GT बनाम SRH मैच में ये खिलाड़ी रहा 'प्लेयर ऑफ द डे'
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 51वें मैच में गुजरात टाइटंस (GT) ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को 38 रन से हरा दिया।
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए मैच में GT ने पहले खेलते हुए 224/6 का स्कोर बनाया। जवाब में SRH की टीम 186/6 का स्कोर ही बना पाई।
GT की इस जीत में कप्तान शुभमन गिल की अहम भूमिका रही। वह हमारे लिए 'प्लेयर ऑफ द डे' चुने गए।
पारी
शानदार रही गिल की पारी
टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी GT को गिल और साई सुदर्शन (48) ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 41 गेंदों में 87 रन जोड़ दिए।
यहीं पर सुदर्शन आउट हो गए। इसके बाद गिल ने जोस बटलर के साथ पारी को आगे बढ़ाया और अपना अर्धशतक पूरा किया।
उन्होंने बटलर के साथ दूसरे विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी निभाई। गिल 38 गेंदों में 10 चौके और 2 छक्कों से 76 रन बनाकर आउट हुए।
अहमदाबाद
अहमदाबाद में खूब चलता है गिल का बल्ला
टी-20 प्रारूप में गिल का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा है। उन्होंने 155 मैचों (152 पारियों) में कुल 4,936 रन बनाए हैं, उनकी औसत 37.67 की रही है।
इस दौरान उन्होंने 31 अर्धशतक और 6 शतक जड़े हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 138.76 की है।
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गिल ने 24 मैचों में 61.75 की औसत से 1,235 रन बनाए हैं। उन्होंने यहां 165.10 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है। उनके नाम यहां 5 अर्धशतक और 4 शतक दर्ज हैं।
जानकारी
IPL 2025 में खूब चल रहा गिल का बल्ला
गिल ने IPL 2025 में अब तक 10 मुकाबले खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 51.66 की उम्दा औसत के साथ 465 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 5 अर्धशतक निकले हैं। गिल इस IPL संस्करण में 58 चौके और 15 छक्के लगा चुके हैं।
करियर
ऐसा रहा है गिल का IPL करियर
गिल ने साल 2018 में SRH के खिलाफ ही अपने IPL करियर का आगाज किया था।
वह अब तक 113 मैच खेले हैं, जिसकी 110 पारियों में लगभग 39.16 की औसत और 138.54 की स्ट्राइक रेट के साथ 3,681 रन बनाने में कामयाब रहे हैं।
उनके बल्ले से 4 शतक और 25 अर्धशतक निकले हैं। इस बीच सर्वश्रेष्ठ स्कोर 129 रन का रहा है। वह इस लीग में अब तक 110 छक्के और 358 चौके भी जड़ चुके हैं।