Page Loader
साई सुदर्शन टी-20 क्रिकेट में सबसे तेज 2,000 रन बनाने वाले भारतीय बने, सचिन को पछाड़ा
साई सुदर्शन ने बड़ा रिकॉर्ड बनाया (तस्वीर: एक्स/@IPL)

साई सुदर्शन टी-20 क्रिकेट में सबसे तेज 2,000 रन बनाने वाले भारतीय बने, सचिन को पछाड़ा

May 02, 2025
08:50 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 51वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस (GT) के सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। वह टी-20 क्रिकेट में सबसे तेज 2,000 रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। 23 साल के इस युवा बल्लेबाज ने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा है। तेंदुलकर ने 59 पारियों में 2,000 रन पूरे किए थे। सुदर्शन ने सिर्फ 54 पारियों में यह कारनामा कर दिखाया है।

पारी

कैसी रही सुदर्शन की पारी?

सुदर्शन ने मैच में सिर्फ 23 गेंदों का सामना किया और 48 रन बनाकर आउट हुए। उनके बल्ले से 9 चौके निकले और उनकी स्ट्राइक रेट 208.70 की रही। अपनी इस ताबड़तोड़ पारी के दौरान उन्होंने मोहम्मद शमी के 1 ओवर में 5 चौके भी जड़ दिए। पहले विकेट के लिए इस खिलाड़ी ने शुभमन गिल के साथ सिर्फ 6.5 ओवर में 87 रन की धमाकेदार साझेदारी निभाई। वह इस संस्करण अपना छठा अर्धशतक नहीं पूरा कर पाए।

रन

IPL 2025 में 500 रन पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज बने 

सुदर्शन इस संस्करण कमाल के फॉर्म में हैं। वह IPL 2025 में 500 रन पूरे करने वाले पहले खिलाड़ी भी बने हैं। उन्होंने 10 पारियों में 50.40 की औसत और 154.12 की स्ट्राइक रेट से 504 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 5 अर्धशतक निकले हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 82 रन रहा है। सुदर्शन ने कुल 35 IPL मैचों की 35 पारियों में 48.06 की उम्दा औसत के साथ 1,538 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 103 रन है।