LOADING...
IPL 2025: रोहित शर्मा ने लगातार दूसरा अर्धशतक लगाया, जानिए उनके आंकड़े
रोहित ने खेली उम्दा पारी (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2025: रोहित शर्मा ने लगातार दूसरा अर्धशतक लगाया, जानिए उनके आंकड़े

Apr 23, 2025
11:12 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 41वें मैच में मुंबई इंडियंस (MI) ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को 7 विकेट से हराते हुए अपनी कुल 5वीं और लगातार चौथी जीत दर्ज की। राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में SRH ने 143/8 का स्कोर बनाया। जवाब में MI ने रोहित शर्मा के अर्धशतक की मदद से लक्ष्य हासिल किया। यह मौजूदा सीजन में उनका लगातार दूसरा अर्धशतक रहा। आइए उनकी पारी पर एक नजर डालते हैं।

पारी 

रोहित ने जड़ा लगातार दूसरा अर्धशतक 

बतौर इम्पैक्ट प्लेयर MI से पारी की शुरुआत करने आए रोहित अच्छी लय में नजर आए। उन्होंने 35 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 46 गेंदों में 70 रन बनाकर तीसरे विकेट के रूप में आउट हुए। उन्होंने 8 चौके और 3 छक्के लगाए। इस बीच रोहित ने टी-20 क्रिकेट में भी अपने 12,000 रन पूरे किये। वह विराट कोहली के बाद टी-20 क्रिकेट में 12,000 रन पूरे करने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बने।

छक्का 

MI से सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बने रोहित

रोहित ने अपनी अर्धशतकीय पारी में 3 छक्के लगाए। इस बीच वह MI की ओर से टी-20 क्रिकेट में (चैंपियंस लीग सहित) सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में कीरोन पोलार्ड (258) को पीछे छोड़ा। रोहित ने MI की ओर से खेलते हुए सभी तरह के टी-20 मैचों में 260 छक्कों की मदद से 5,959 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक भी शामिल हैं।

लेखा-जोखा 

MI ने आसानी से जीता मुकाबला

SRH ने पहले खेलते हुए 35 रन तक अपने 5 विकेट खो दिए। इसके बाद हेनरिक क्लासेन (71) और अभिनव मनोहर (43) ने अच्छी पारियां खेलते हुए टीम को 143/8 के स्कोर तक पहुंचाया। MI से ट्रेंट बोल्ट ने 4 सफलताएं हासिल की। जवाब में MI से रोहित शर्मा ने अच्छी पारी खेलते हुए टीम को 16वें ओवर में आसान जीत दर्ज कराई। सूर्यकुमार यादव ने 19 गेंदों में नाबाद 40 रन बनाए।