LOADING...
IPL 2025: रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव ने लगाए अर्धशतक, जानिए 'प्लयेर ऑफ द डे'
रोहित ने बनाए नाबाद 76 रन (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2025: रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव ने लगाए अर्धशतक, जानिए 'प्लयेर ऑफ द डे'

Apr 20, 2025
11:36 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 38वें मैच में मुंबई इंडियंस (MI) ने चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) को 9 विकेट से हरा दिया। वानखेड़े स्टेडियम में हुए मैच में जीत के लिए मिले 177 रन के लक्ष्य को MI ने 15.4 ओवर में हासिल किया। MI से रोहित शर्मा (76*) और सूर्यकुमार यादव (68*) की अर्धशतकीय पारियों खेलीं। अपनी जोरदार पारी के लिए रोहित हमारे लिए 'प्लेयर ऑफ द डे' बने।

पारी 

ऐसी रही रोहित की पारी 

रोहित ने पारी का तीसरा ओवर करने आए खलील अहमद की जमकर खबर ली। MI के पूर्व कप्तान ने खलील के उस ओवर में 1 छक्का और 2 चौके लगाए। अच्छी शुरुआत के बाद उन्होंने CSK के गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया और 33 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह उनके IPL करियर का 44वां अर्धशतक रहा। वह 45 गेंदों पर 4 चौकों और 6 छक्कों की मदद से 76 रन बनाकर नाबाद रहे।

रोहित 

रोहित ने CSK के खिलाफ लगाया अपना नौवां 50+ स्कोर 

रोहित ने CSK के विरुद्ध अपना 8वां अर्धशतक लगाया। वह इस टीम के विरुद्ध 1 शतक भी लगा चुके हैं। रोहित ने CSK के विरुद्ध 31 पारियों में 33.81 की औसत और 133.87 की स्ट्राइक रेट के साथ 913 रन बनाए हैं। अपनी इस पारी के दौरान रोहित (6,786) ने रनों के मामले में शिखर धवन (6,769) को पीछे छोड़ा है। वह लीग इतिहास में अब दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।

सूर्यकुमार 

सूर्यकुमार ने लगाया अर्धशतक 

MI ने जब 63 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट खोया, तब सूर्यकुमार क्रीज पर आए। उन्होंने अपने चिर-परिचित अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए विपक्षी गेंदबाजों की खूब पिटाई की। अपने घरेलू मैदान इस बल्लेबाज ने सिर्फ 26 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 30 गेंदों पर 68 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने 6 चौके और 5 छक्के भी लगाए। उन्होंने रोहित के साथ मिलकर 114 रन की बड़ी साझेदारी भी की।

लेखा-जोखा 

इस तरह से जीती MI की टीम

शेख रशीद (19) और रचिन रविंद्र (5) के विकेट जल्दी खोने के बाद आयुष म्हात्रे (32), रविंद्र जडेजा (53*) और शिवम दुबे (50) ने उम्दा पारी खेलते हुए टीम को 176/5 के स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में MI से रयान रिकेल्टन (24) अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके। इसके बाद रोहित और सूर्यकुमार ने अच्छी पारियां खेलते हुए 16वें ओवर में जोरदार जीत दिलाई।