Page Loader
IPL 2025: रियान पराग ने KKR के खिलाफ बनाए 95 रन, लगातार 6 छक्के भी लगाए
रियान पराग ने खेली ताबतोड़ पारी (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2025: रियान पराग ने KKR के खिलाफ बनाए 95 रन, लगातार 6 छक्के भी लगाए

May 04, 2025
07:09 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 53वें मैच में राजस्थान रॉयल्स (RR) के कप्तान रियान पराग ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ 95 रन की जोरदार पारी खेली। वह अपने IPL करियर के पहले शतक से चूक गए। इस बीच उन्होंने मोईन अली के एक ओवर में 5 छक्के और लगातार 6 गेंदों पर 6 छक्के लगाने का कारनामा भी किया। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

पारी 

जोरदार रही पराग की पारी 

RR ने जब 8 रन के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट गंवाया, तब पराग क्रीज पर आए। उन्होंने लगातार गिर रहे विकेटों के बीच एक छोर से रन बनाना जारी रखा। उन्होंने सिर्फ 27 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने पारी का 13वां ओवर करने आए मोईन की जमकर खबर ली और उनके ओवर 5 बड़े छक्के लगाए। वह 45 गेंदों में 6 चौकों और 8 छक्कों की मदद से 95 रन बनाकर आउट हुए।

रिकॉर्ड्स 

पराग ने बनाए ये रिकॉर्ड्स 

पराग अब IPL में किसी एक ओवर में 5 छक्के लगाने वाले सिर्फ पांचवें बल्लेबाज बने हैं। उन्होंने पहले क्रिस गेल (बनाम राहुल शर्मा, 2012), राहुल तेवतिया (बनाम शेल्डन कॉट्रेल, 2020), रविंद्र जडेजा (बनाम हर्षल पटेल, 2021) और रिंकू सिंह (बनाम यश दयाल, 2023) ये कारनामा कर चुके हैं। पराग ने लगातार 6 गेंदों पर 6 छक्के लगाने का भी कारनमा किया। दरअसल, उन्होंने मोईन के बाद अगले ओवर में वरुण चक्रवर्ती के खिलाफ भी छक्का लगाया।

आंकड़े 

पराग ने पूरे किए अपने 1,500 रन

पराग IPL 2019 से RR के लिए खेल रहे हैं। उन्होंने अब तक 82 मुकाबले खेले हैं और इसकी 70 पारियों में लगभग 27 की औसत और 142.46 की स्ट्राइक रेट से 1,550 रन बनाने में कामयाब रहे हैं। उनके बल्ले से 7 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 95 रन रहा है। गेंदबाजी में इस खिलाड़ी ने 6 विकेट अपने नाम किए हैं। IPL 2024 में पराग के बल्ले से 52.09 की औसत से 573 रन निकले थे।