Page Loader
IPL 2025: PBKS ने CSK को हराते हुए अपनी तीसरी जीत दर्ज की, ये बने रिकॉर्ड्स
PBKS ने CSK को हराते हुए अपनी तीसरी जीत दर्ज की (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2025: PBKS ने CSK को हराते हुए अपनी तीसरी जीत दर्ज की, ये बने रिकॉर्ड्स

Apr 08, 2025
11:12 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 22वें मैच में पंजाब किंग्स (PBKS) ने चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) को 18 रन से हराते हुए इस सीजन में अपनी तीसरी जीत दर्ज की। चंडीगढ़ में हुए मैच में PBKS ने पहले खेलते हुए निर्धारित 20 ओवरों के बाद 219/6 का स्कोर बनाया। जवाब में CSK की टीम पूरे ओवर खेलने के बाद 201/5 का स्कोर ही बना सकी। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा 

इस तरह रहा रोचक मुकाबला 

पहले खेलते हुए PBKS ने 83 रन के स्कोर तक अपने 5 विकेट खो दिए। लगातार गिर रहे विकेटों के बावजूद प्रियांश आर्य ने शतक (103) लगाया। उनके अलावा शशांक सिंह ने अर्धशतक (52*) लगाते हुए टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में CSK को रचिन रविंद्र (36) और कॉनवे (69) ने सधी हुई शुरुआत दिलाई। इसके बाद शिवम दुबे (42) और महेंद्र सिंह धोनी (27) ने भी संघर्ष दिखाया, लेकिन जीत नहीं दिला सके।

प्रियांश 

प्रियांश ने 39 गेंदों में लगाया अपना पहला IPL शतक

आर्य ने 42 गेंदों में 103 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। इस बीच उन्होंने 7 चौके और 9 बड़े छक्के लगाए। वह सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की सूची में शुमार हुए हैं। उन्होंने छठे विकेट के लिए शशांक सिंह के साथ मिलकर 34 गेंदों में 71 रन की उम्दा साझेदारी भी निभाई। उन्होंने लगातार गिर रहे विकेटों के बीच PBKS की पारी को स्थिरता प्रदान की।

रिकॉर्ड्स 

आर्य ने बनाए ये रिकॉर्ड्स 

आर्य अब IPL के इतिहास में शतक लगाने वाले सिर्फ 8वें अनकैप्ड खिलाड़ी बने हैं। उनसे पहले शॉन मार्श (2008), मनीष पांडे (2009), पॉल वाल्थाटी (2009), देवदत्त पडिक्कल (2021), रजत पाटीदार (2022), यशस्वी जायसवाल (2022) और प्रभसिमरन सिंह (2023) ऐसा कर चुके थे। वह पावरप्ले ओवर्स के दौरान ही 50+ स्कोर बनाने वाले सिर्फ दूसरे अनकैप्ड खिलाड़ी बने हैं। उनसे पहले सनी सोहेल (2011) ऐसा कारनामा कर चुके हैं।

रिकॉर्ड 

दूसरे सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बने आर्य 

आर्य अब IPL के इतिहास में दूसरा सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बने हैं। भारतीय खिलाड़ियों में उनसे आगे इस सूची में सिर्फ युसूफ पठान हैं, जिन्होंने 37 गेंदों में शतक लगाया था। विश्व के बल्लेबाजों की बात करें तो IPL में आर्य से तेज शतक सिर्फ क्रिस गेल (30 गेंद) और डेविड मिलर (38 गेंद) ने लगाए हैं। ट्रेविस हेड ने भी 39 ही गेंदों पर अपना शतक लगाया हुआ है।

शशांक 

शशांक ने IPL में लगाया अपना तीसरा अर्धशतक 

पहले खेलते हुए PBKS ने जब 83 रन के स्कोर पर अपना 5वां विकेट खोया, तब शशांक क्रीज पर आए। उन्होंने संकट में मौजूद PBKS की टीम को निकालने का सफल प्रयास किया। इस बीच उन्होंने 36 गेंदों में नाबाद 52 रन बनाए, जिसमें 2 चौके और 3 छक्के लगाए। उन्होंने अब तक इस लीग में 28 मैचों की 22 पारियों में 44.08 की उम्दा औसत और 161.77 की स्ट्राइक रेट के साथ 529 रन बनाए हैं।

कॉनवे

कॉनवे ने लगाया अर्धशतक

लक्ष्य का पीछा करते हुए कॉनवे ने 37 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह मौजूदा सीजन में उनके बल्ले से निकलने वाली पहली अर्धशतकीय पारी रही। इस बीच उन्होंने शिवम दुबे के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 51 गेंदों में 89 रन की साझेदारी निभाई। वह 49 गेंदों पर 69 रन की पारी खेलकर रिटायर आउट हुए। उन्होंने अपनी इस पारी में 6 चौके और 2 छक्के लगाए।