Page Loader
PBKS बनाम CSK: प्रियांश आर्य ने सिर्फ 39 गेंदों में लगाया शतक, बनाए ये रिकॉर्ड्स
प्रियांश आर्य ने सिर्फ 39 गेंदों में लगाया शतक (तस्वीर: एक्स/@IPL)

PBKS बनाम CSK: प्रियांश आर्य ने सिर्फ 39 गेंदों में लगाया शतक, बनाए ये रिकॉर्ड्स

Apr 08, 2025
08:35 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 22वें मैच में पंजाब किंग्स (PBKS) के युवा बल्लेबाज प्रियांश आर्य ने चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के खिलाफ मैच में शानदार शतक (103) लगाया। उन्होंने CSK के गेंदबाजों की जमकर खबर ली और इस बीच पावरप्ले के दौरान ही अपना अर्धशतक पूरा किया था। उन्होंने सिर्फ 39 गेंदों में ही अपनी पारी को शतक में तब्दील किया। आइए उनकी पारी पर एक नजर डालते हैं।

पारी 

जोरदार रही आर्य की पारी 

आर्य ने 42 गेंदों में 103 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। इस बीच उन्होंने 7 चौके और 9 बड़े छक्के लगाए। वह सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की सूची में शुमार हुए हैं। उन्होंने छठे विकेट के लिए शशांक सिंह के साथ मिलकर 34 गेंदों में 71 रन की उम्दा साझेदारी भी निभाई। उन्होंने लगातार गिर रहे विकेटों के बीच PBKS की पारी को स्थिरता प्रदान की।

ट्विटर पोस्ट

Twitter Post

रिकॉर्ड्स 

आर्य ने बनाए ये रिकॉर्ड्स 

आर्य अब IPL के इतिहास में शतक लगाने वाले सिर्फ 8वें अनकैप्ड खिलाड़ी बने हैं। उनसे पहले शॉन मार्श (2008), मनीष पांडे (2009), पॉल वाल्थाटी (2009), देवदत्त पडिक्कल (2021), रजत पाटीदार (2022), यशस्वी जायसवाल (2022) और प्रभसिमरन सिंह (2023) ऐसा कर चुके थे। वह पावरप्ले ओवर्स के दौरान ही 50+ स्कोर बनाने वाले सिर्फ दूसरे अनकैप्ड खिलाड़ी बने हैं। उनसे पहले सनी सोहेल (2011) ऐसा कारनामा कर चुके हैं।

रिकॉर्ड्स 

दूसरे सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बने आर्य 

आर्य अब IPL के इतिहास में दूसरा सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बने हैं। भारतीय खिलाड़ियों में उनसे आगे इस सूची में सिर्फ युसूफ पठान हैं, जिन्होंने 37 गेंदों में शतक लगाया था। विश्व के बल्लेबाजों की बात करें तो IPL में आर्य से तेज शतक सिर्फ क्रिस गेल (30 गेंद) और डेविड मिलर (38 गेंद) ने लगाए हैं। ट्रेविस हेड ने भी 39 ही गेंदों पर अपना शतक लगाया हुआ है।

परिचय 

कौन हैं प्रियांश आर्य?

आर्य दिल्ली के बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। उन्होंने DPL में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स के लिए खेलते हुए एक ओवर में 6 छक्के लगाए थे। उन्होंने DPL में 2 शतक (107* और 120) भी लगाए थे। इस IPL नीलामी से पहले आर्य ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी उतर प्रदेश के खिलाफ 43 गेंदों पर 102 रन बनाए थे। जनवरी 2001 में जन्मे आर्य ने 2021 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में दिल्ली के लिए अपना टी-20 डेब्यू किया था।