Page Loader
IPL 2025: MI बनाम GT मुकाबले की पिच रिपोर्ट, जानिए वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम के आंकड़े 
वानखेड़े में GT से भिड़ेगी MI की टीम (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2025: MI बनाम GT मुकाबले की पिच रिपोर्ट, जानिए वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम के आंकड़े 

May 05, 2025
06:21 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 56वें मैच में मुंबई इंडियंस (MI) का सामना गुजरात टाइटंस (GT) से 6 मई को होगा। MI ने अपने पिछले 6 मैचों में जीत दर्ज की हुई है। ऐसे में GT के सामने MI के विजय रथ को रोकने की चुनौती होगी। दोनों टीमों के बीच होने वाला अगला मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होगा। आइए स्टेडियम की पिच रिपोर्ट और अन्य आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

पिच रिपोर्ट 

बल्लेबाजी के लिए अनुकूल मानी जाती है वानखेड़े स्टेडियम 

वानखेड़े स्टेडियम की पिच अमूमन बल्लेबाजी के मुफिद रहती है। यहां की पिच लाल मिट्टी से बनी है, जिससे उछाल अच्छा मिलता है और गेंद आसानी से बैट पर आती है। यहां स्पिनरों को भी विकेट चटकाने के लिए मशक्कत करनी पड़ती है। पिच में घास भी नहीं होती है, जिससे तेज गेंदबाजों को भी कम ही मदद मिलती है। यहां टॉस की भूमिका काफी अहम रहती है। कप्तान टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करना पसंद करते हैं।

जानकारी

कैसा रहेगा मुंबई के मौसम का हाल? 

एक्यूवेदर के मुताबिक, मुंबई में 6 मई को अधिकतम तापमान 35 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहेगा। शाम 7:00 बजे टॉस होना है। 6 मई को मुंबई में 60 प्रतिशत बारिश की संभावना है।

आंकड़े 

वानखेड़े स्टेडियम के IPL से जुड़े खास आंकड़े 

इस स्टेडियम में अब तक 121 IPL मैच खेले जा चुके हैं। यहां पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने 56 और बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने 65 मैच जीते हैं। इस स्टेडियम में उच्चतम स्कोर RCB (235/1 बनाम MI, 2015) और न्यूनतम स्कोर KKR (67 बनाम MI, 2008) के नाम दर्ज है। यहां सबसे बड़ी पारी एबी डिविलियर्स (133* बनाम MI, 2015) ने खेली थी। यहां सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी हरभजन सिंह (5/18 बनाम CSK, 2011) ने किया था।

प्रदर्शन 

वानखेड़े स्टेडियम में दोनों टीमों के प्रदर्शन 

MI ने अपने घरेलू मैदान वानखेड़े स्टेडियम में 90 मुकाबले खेले हैं, इसमें से 55 मैच में जीत और 34 मुकाबलों में उन्हें हार मिली है। 1 मैच टाई रहा है। इस मैदान पर MI का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 234 रन रहा है। GT ने इस मैदान पर अब तक 5 मुकाबले खेले हैं। उसे सिर्फ 3 मैच में जीत मिली है और 2 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है।

हेड-टू-हेड 

GT का पलड़ा रहा है भारी 

दोनों टीमों की भिड़ंत में अब तक GT का पलड़ा भारी रहा है। MI और GT की टीमों के बीच IPL के इतिहास में अब तक कुल 6 मैच खेले गए हैं। इन मुकाबलों में 4 मैच GT ने अपने नाम किए हैं और 2 मैच में MI को जीत मिली है। IPL 2025 की पहली भिड़ंत में GT की टीम ने 26 रन से जीत दर्ज की थी।