
IPL 2025: DC ने रोमांचक मुकाबले में PBKS को हराया, मैच में बने ये रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 66वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने पंजाब किंग्स (PBKS) को 6 विकेट से हराते हुए अपनी 7वीं जीत दर्ज की।
सवाई मानसिंह स्टेडियम में हुए मैच में PBKS ने पहले खेलते हुए 206/8 का स्कोर बनाया था। जवाब में DC की टीम ने 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
PBKS मौजूदा सीजन में चौथा मुकाबला हारी है। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
मैच का लेखा-जोखा
मैच में DC ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। PBKS को शुरुआती झटके लगे, लेकिन श्रेयस अय्यर (53) ने कप्तानी पारी खेलते हुए टीम को एक सम्मानजनक स्कोर तक ले गए।
आखिरी ओवरों में मार्कस स्टोइनिस ने 44 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली।
मुस्तफिजुर रहमान ने DC के लिए सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। जवाब में DC के लिए करुण नायर (44) और समीर रिजवी (58*) ने शानदार पारियां खेल टीम को जबरदस्त जीत दिला दी।
अर्धशतक
अय्यर ने इस संस्करण जड़ा अपना 5वां अर्धशतक
अय्यर ने मैच में 34 गेंदों का सामना किया और 53 रन बनाए। उनके बल्ले से 5 चौके और 2 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 155.58 की रही।
यह उनके IPL करियर का 26वां और DC के खिलाफ दूसरा अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 33 गेंदों में पूरा किया।
IPL 2025 में वह अब तक 13 मैचों में 48.80 की औसत से 488 रन बना चुके हैं। इसमें 5 अर्धशतक शामिल है।
कारनामा
PBKS के नाम दर्ज हुई यह उपलब्धि
PBKS ने 7वीं बार इस संस्करण में 200 या उससे ज्यादा का स्कोर बनाया है। वह एक संस्करण में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा बार यह कारनामा करने वाली टीम बन गई है।
उसने गुजरात टाइटंस (GT) की बराबरी की है। GT ने भी इसी संस्करण 7 बार 200+ का स्कोर बनाया है।
मुंबई इंडियंस (MI, 2023), कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR, 2024), सनराइजर्स हैदराबाद (SRH, 2024) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB, 2024) ने 6-6 बार ये कारनामा किया है।
छक्के
स्टोइनिस ने IPL में पूरे किए 100 छक्के
स्टोइनिस ने मैच में 4 छक्के लगाए। इस दौरान उन्होंने IPL में अपने 100 छक्के पूरे कर लिए। उन्होंने पहला छक्का लगाते ही ये उपलब्धि अपने नाम की।
अब इस लीग में उनके नाम 103 छक्के हैं।
मैच में उन्होंने सिर्फ 16 गेंदों का सामना किया और 44 रन बनाए। उनके बल्ले से 3 चौके और 4 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 275 की रही।
इस संस्करण उन्होंने 9 मैच में 126 रन बनाए हैं।
जानकारी
मुस्तफिजुर की गेंदबाजी पर एक नजर
मुस्तफिजुर ने 4 ओवर में 33 रन देकर 3 बल्लेबाजों को आउट किया। उनकी इकॉनमी 8.20 की रही। उन्होंने प्रियांश आर्य (6), शशांक सिंह (11) और मार्को यानसन (0) को अपना शिकार बनाया। IPL में इस खिलाड़ी ने 60 मैचों में 65 विकेट झटके हैं।
अर्धशतक
रिजवी ने जड़ा IPL करियर का पहला अर्धशतक
रिजवी ने मैच में 25 गेंदों का सामना किया और 58 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने 3 चौके और 5 शानदार छक्के लगाए। उनकी स्ट्राइक रेट 232 की रही।
यह उनके IPL करियर का पहला ही अर्धशतक रहा।
उन्होंने करुण के साथ मिलकर 30 गेंदों में 62 रन की साझेदारी निभाई। इसके बाद ट्रिस्टन स्टब्स के साथ 27 गेंदों में 53* रन जोड़े।
IPL में इस खिलाड़ी ने 13 मैच में 24.57 की औसत से 172 रन बनाए हैं।
जानकारी
अंक तालिका के शीर्ष टीमों पर एक नजर
इस मुकाबले के बाद अंक तालिका में ज्यादा कोई बदलाव नहीं हुआ। गुजरात टाइटंस (GT) पहले स्थान पर बनी हुई है। PBKS और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) दूसरे और तीसरे स्थान पर है। मुंबई इंडियंस (MI) चौथे और DC 5वें स्थान पर है।