Page Loader
IPL 2025: नूर अहमद की घातक गेंदबाजी से हारी मुंबई इंडियंस, जानिए उनका प्रदर्शन और आंकड़े 
नूर अहमद ने घातक गेंदबाजी की (तस्वीर: एक्स/@ChennaiIPL)

IPL 2025: नूर अहमद की घातक गेंदबाजी से हारी मुंबई इंडियंस, जानिए उनका प्रदर्शन और आंकड़े 

Mar 24, 2025
08:00 am

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के तीसरे मुकाबले में चेन्नई सुपरकिंग्स(CSK) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुंबई इंडियंस(MI) को 4 विकेट से हरा दिया। इस मैच में CSK के स्पिन गेंदबाज नूर अहमद ने घातक गेंदबाजी की और पूरा मैच ही पलट दिया। नूर CSK के लिए पहला मुकाबला खेल रहे थे और 4 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। उनकी गेंद पर महेंद्र सिंह धोनी ने एक शानदार स्टंप आउट भी किया। नूर को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।

गेंदबाजी

नूर के खिलाफ कोई भी बल्लेबाज चौका या छक्का नहीं लगा पाया

नूर ने 4 ओवर में सिर्फ 18 रन खर्च किए और 4 बल्लेबाजों को पवेलिन भेजा। उनकी इकॉनमी रेट 4.50 की रही। इस खिलाड़ी ने सूर्यकुमार यादव (29), तिलक वर्मा (31), रॉबिन मिंज (3) और नमन धीर (17) को अपना शिकार बनाया। नूर के खिलाफ MI का कोई भी बल्लेबाज चौका या छक्का नहीं लगा पाया। उन्होंने 3 वाइड गेंदें डाली। नूर के अलावा खलील अहमद ने 3 विकेट झटके।

नीलामी 

CSK ने नीलामी में 10 करोड़ में खरीदा था 

IPL 2025 की नीलामी में नूर को CSK ने 10 करोड़ रुपये में खरीदा था। नूर ने अपना पहला IPL मुकाबला साल 2023 में खेला था। उन्होंने अब तक 24 मुकाबले खेले हैं और इसकी 24 पारियों में 24.17 की औसत से 28 विकेट झटके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/18 का रहा है। IPL 2024 में यह खिलाड़ी गुजरात टाइटंस (GT) के लिए खेला था। उन्होंने 10 मुकाबलों में 8 विकेट लिए थे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2/20 का रहा था।

स्टंप आउट

नूर की गेंद पर धोनी ने किया स्टंप आउट 

नूर की ही गेंद पर महेंद्र सिंह धोनी ने सूर्यकुमार को पलक झपकते ही स्टंप आउट कर दिया। MI की पारी का 10वां ओवर नूर करने आए थे। इस ओवर की तीसरी गेंद उन्होंने गुगली डाली। गेंद ऑफ स्टंप के बाहर गई और सूर्यकुमार क्रीज से बाहर निकलकर बड़ा शॉट खेलना चाहते थे, लेकिन उन्होंने गेंद को मिस कर दिया। धोनी ने सिर्फ 0.12 सेकेंड में उनको स्टंप आउट कर दिया।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें स्टंप आउट का वीडियो 

जीत

ऐसे मिली CSK को जीत 

एमए चिदंबरम स्टेडियम में हुए मैच में MI ने पहले खेलते हुए निर्धारित 20 ओवरों के बाद 155/9 का स्कोर बनाया था। जवाब में CSK ने रुतुराज गायकवाड़ (53) और रचिन रविंद्र (65*) की पारियों की मदद से लक्ष्य हासिल कर लिया। गायकवाड़ ने IPL करियर का 19वां अर्धशतक 22 गेंदों में पूरा किया। यह MI के खिलाफ उनकी तीसरी अर्धशतकीय पारी रही। रचिन के IPL करियर का दूसरा अर्धशतक था।