
IPL: एक पारी में चौके और छक्कों की मदद से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 का पहला मुकाबला 22 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन स्टेडियम में खेला जाएगा। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ मैदान पर उतरेगी।
दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग में खूब चौके-छक्के लगते हैं। इस बार भी कई धाकड़ बल्लेबाजों से बड़ी पारियों की उम्मीद होगी।
ऐसे में आइए IPL की एक पारी में चौके और छक्कों से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं।
#1
क्रिस गेल (154 रन)
पहले स्थान पर पूर्व दिग्गज सलामी बल्लेबाज क्रिस गेल हैं। इस खिलाड़ी ने RCB के लिए खेलते हुए IPL 2013 में पुणे वॉरियर्स के खिलाफ 173 रन बनाए थे। उन्होंने 66 गेंदों का सामना किया था।
उस पारी में गेल ने 154 रन चौके और छक्कों की मदद से बनाए थे। उनके बल्ले से 13 चौके और 17 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 265.15 की रही थी।
RCB को उस मुकाबले में 130 रन से बड़ी जीत मिली थी।
#2
ब्रेडन मैकुलम (118 रन)
दूसरे स्थान पर न्यूजीलैंड के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रेडन मैकुलम हैं। उन्होंने IPL 2008 के पहले मुकाबले में KKR के लिए खेलते हुए 73 गेंदों में 158 रन की धमाकेदार पारी खेली थी।
उस मैच में उन्होंने 118 रन चौके और छक्कों की मदद से बनाए थे। उनकी स्ट्राइक रेट 216.43 की रही थी। उनके बल्ले से 10 चौके और 13 छक्के निकले थे।
RCB के खिलाफ उस मैच में KKR को 140 रन से शानदार जीत मिली थी।
#3
एबी डिविलियर्स और यशस्वी जायसवाल (112-112 रन)
तीसरे स्थान पर संयुक्त रूप से एबी डिविलियर्स और यशस्वी जायसवाल हैं। डिविलियर्स ने IPL 2016 में गुजरात लायंस के खिलाफ 129 रन की पारी खेली थी। उन्होंने 112 रन चौके और छक्कों की मदद से बनाए थे।
उनके बल्ले से 10 चौके और 12 छक्के निकले थे।
यशस्वी ने IPL 2023 में मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ 124 रन की पारी में 112 रन चौके और छक्के से बनाए। उनके बल्ले से 16 चौके और 8 छक्के निकले थे।
#4
क्रिस गेल (106 रन)
चौथे स्थान पर भी गेल का नाम है। उन्होंने IPL 2012 में RCB के लिए खेलते हुए दिल्ली के खिलाफ 62 गेंदों में 128 रन बनाए थे। उन्होंने अपनी उस पारी में 106 रन चौकों और छक्कों की मदद से बनाए थे।
उनके बल्ले से 7 चौके और 13 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 206.45 की रही थी। RCB ने वह मुकाबला 21 रनों से अपने नाम किया था।
विराट कोहली ने उस मैच में 73 रन बनाए थे।