Page Loader
IPL 2025: LSG बनाम RCB मुकाबले की पिच रिपोर्ट, जानिए इकाना स्टेडियम के आंकड़े 
लखनऊ की टीम अपने घरेलू मैदान पर जीत दर्ज करना चाहेगी (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2025: LSG बनाम RCB मुकाबले की पिच रिपोर्ट, जानिए इकाना स्टेडियम के आंकड़े 

May 08, 2025
12:10 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 59वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से 9 मई को होगा। ऋषभ पंत की कप्तानी में LSG ने 5 मैच जीते हैं। रजत पाटीदार की कप्तानी वाली RCB को 8 मैच में जीत मिली है। प्लेऑफ की दौड़ को देखते हुए एक रोमांचक मैच होने की उम्मीद है। यह मुकाबला लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा। आइए पिच रिपोर्ट और अन्य आंकड़ों पर नजर डालते हैं।

पिच

कैसा है पिच का मिजाज?

इस स्टेडियम की पिच का निर्माण काली मिट्टी से किया गया है। इस पर स्पिन गेंदबाजों को काफी मदद मिलती है। इस सीजन में अब तक यहां 4 मैच हुए हैं, जिसमें केवल 1 पारी में टीम ने 200 रन का आंकड़ा पार किया है। यहां शुरुआत में तेज गेंदबाजों को भी मदद मिलती है, लेकिन समय निकलने के साथ-साथ स्पिनर्स हावी होने लगते हैं। इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर 168 रन है।

जानकारी

कैसा रहेगा मौसम?

एक्यूवेदर के मुताबिक, 9 मई को लखनऊ में तेज गर्मी रहने वाली है। दिन का अधिकतम तापमान 36 डिग्री तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री तक रहने की उम्मीद है। शुक्रवार को बारिश की संभावना 10 प्रतिशत है।

आंकड़े

IPL में इकाना स्टेडियम के आंकड़े 

इस स्टेडियम में अब तक 19 IPL मैच खेले जा चुके हैं। यहां पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने 8 और बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने भी 10 मैच जीते हैं। इस बीच 1 मैच में कोई परिणाम नहीं निकला है। यहां सबसे बड़ी पारी मार्कस स्टोइनिस (89* बनाम MI, 2023) ने खेली है। सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी का रिकॉर्ड मार्क वुड (5/14, बनाम DC, 2023) के नाम पर दर्ज है।

दोनों

इकाना स्टेडियम में दोनों टीमों के आंकड़े 

इकाना स्टेडियम में LSG ने अब तक 19 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से 9 मैच में उन्हें जीत और 9 मैच में हार का सामना करना पड़ा है। इसके अलावा 1 मैच बेनतीजा रहा है। इस मैदान पर LSG का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 203 रन रहा है। RCB ने इस मैदान पर सिर्फ 1 मुकाबला खेला है। उस मुकाबले में टीम को जीत मिली थी। ऐसे में LSG अपने घरेलू मैदान पर पहली बार RCB को हराना चाहेगी।

खिलाड़ी

प्रमुख खिलाड़ियों का एक दूसरे के खिलाफ प्रदर्शन 

विराट कोहली ने LSG के खिलाफ 5 पारियों में 120.87 की स्ट्राइक रेट से 139 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 61 रन है। ऋषभ पंत ने RCB के खिलाफ 12 पारियों में 150.36 की स्ट्राइक रेट से 421 रन बनाए हैं। इस टीम के खिलाफ उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 85 रन रहा है। भुवनेश्वर कुमार ने LSG के खिलाफ 4 पारियों में 28.67 की औसत से 3 विकेट लिए हैं। रवि बिश्नोई ने RCB के खिलाफ 8 विकेट झटके हैं।