Page Loader
IPL 2025: क्रुणाल पांड्या ने किया अपना सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन, जानिए उनके आंकड़े
क्रुणाल पांड्या ने MI के खिलाफ झटके 4 विकेट (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2025: क्रुणाल पांड्या ने किया अपना सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन, जानिए उनके आंकड़े

Apr 07, 2025
11:48 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 20वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या ने मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ बेहतरीन गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट अपने नाम किए। यह उनका IPL में अब तक का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन रहा है। उन्होंने आखिरी ओवर में 3 विकेट चटकाकर मैच में RCB को 12 रन से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। यह RCB के वानखेड़े स्टेडियम में 10 साल बाद पहली जीत रही है।

गेंदबाजी

कैसी रही क्रुणाल की गेंदबाजी?

क्रुणाल ने 222 रन का लक्ष्य लेकर उतरी MI को विल जैक्स (22) के रूप में तीसरा झटका देते हुए मैच में अपने विकेटों का खाता खोला। इसके बाद के 2 ओवरों में उनकी खासी पिटाई हुई। हालांकि, पारी और अपने आखिरी ओवर में उन्होंने मिचेल सेंटनर (8), दीपक चाहर (0) और नमन धीर (11) को पवेलियन की राह दिखाकर RCB की जीत पक्की की। उन्होंने अपने कोटे के 4 ओवर में 45 रन खर्च कर ये सफलताएं अर्जित की।

करियर

कैसा रहा है क्रुणाल का IPL करियर?

क्रुणाल ने अपना पहला IPL मुकाबला साल 2016 में गुजरात लायंस के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 131 मुकाबले खेले हैं, जिसकी 121 पारियों में करीब 34 की औसत और 7.43 की इकॉनमी रेट से 83 विकेट झटके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन इसी मैच में आया है। बल्लेबाजी में इस खिलाड़ी ने 113 पारियों में 21.45 की औसत और 132.38 की स्ट्राइक रेट से 1,652 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 86 रन रहा है।