
IPL 2025: आशीष नेहरा और हार्दिक पंड्या पर लगा भारी जुर्माना, जानिए क्या है पूरा मामला
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 का 57वां मुकाबला मुंबई इंडियंस (MI) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच खेला गया।
मुकाबले में GT के कोच आशीष नेहरा को "खेल की भावना के खिलाफ आचरण" के लिए दंडित किया गया। वहीं, दूसरी ओर MI के कप्तान हार्दिक पांड्या और उनकी टीम पर धीमी ओवर गति बनाए रखने के चलते जुर्माना लगाया गया।
बारिश से प्रभावित इस मुकाबले को GT ने डकवर्थ लुईस नियम (DLS) के तहत 3 विकेट से जीता था।
लाख
हार्दिक पर लगा 24 लाख रुपये का जुर्माना
धीमी ओवर गति बनाए रखने के चलते हार्दिक पर 24 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस संस्करण में यह दूसरा मौका है जब हार्दिक के नेतृत्व में इस नियम का उल्लंघन हुआ है।
अन्य खिलाड़ियों पर से या तो 6 लाख रुपये या उनकी मैच फीस का 25 प्रतिशत वसूल की जाएगी।
यह दंड IPL के नियमों के तहत लगाया गया है, जिनका उद्देश्य पूरे मैच के दौरान तेज और सुचारू खेल की गति बनाए रखना है।
कोच
आशीष को मैच फीस का 25 प्रतिशत देना होगा
आशीष पर IPL आचार संहिता के अनुच्छेद 2.20 के उल्लंघन का दोषी पाए जाने पर उनकी मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है और एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया गया है।
IPL प्रबंधन ने सटीक जानकारी सार्वजनिक नहीं की है कि उन्होंने किस विशेष कृत्य के चलते यह नियम तोड़ा।
इस संस्करण में इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स (DC) के गेंदबाजी कोच मुनाफ पटेल पर भी आचार संहिता के उल्लंघन पर डिमेरिट पॉइंट मिला दिया गया था।
मैच
मैच में क्या हुआ?
मैच में MI ने पहले खेलते हुए 155/8 का स्कोर बनाया। बारिश से प्रभावित मैच में GT को 19 ओवर के बाद 147 का नया लक्ष्य मिला।
GT ने 147/7 का स्कोर बनाते हुए जीत हासिल की। GT से जोस बटलर (30) और शुभमन गिल (43) ने अच्छी पारियां खेलीं।
MI के लिए विल जैक्स (53) और सूर्यकुमार यादव (35) ने अच्छी बल्लेबाजी की। जसप्रीत बुमराह ने मैच में 4 ओवर में 19 रन देकर 2 विकेट लिए।
जानकारी
सूर्यकुमार ने हासिल की ये उपलब्धि
अपनी पारी के दौरान सूर्यकुमार IPL में MI की ओर से सर्वाधिक 3 सीजन (2018,2023 और 2025) में 500+ रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने सचिन तेंदुलकर (2010 और 2011) और क्विंटन डिकॉक (2019 और 2020) को पीछे छोड़ दिया।