LOADING...
IPL 2025: DC ने RR को सुपर ओवर में हराया, ये बने रिकॉर्ड्स
बेहद रोमांचक रहा मुकाबला (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2025: DC ने RR को सुपर ओवर में हराया, ये बने रिकॉर्ड्स

Apr 16, 2025
11:47 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 32वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने राजस्थान रॉयल्स को सुपर ओवर में हराते हुए अपनी 5वीं जीत दर्ज की। अरुण जेटली स्टेडियम में हुए मैच में DC ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर के बाद 188/5 का स्कोर बनाया। जवाब में RR भी पूरे ओवर खेलने के बाद 188/4 का स्कोर ही बना सकी और आखिर में सुपर ओवर से परिणाम निकला। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा 

इस तरह से रोचक रहा मुकाबला

DC ने फ्रेजर-मैकगर्क (9) और करुण नायर के रूप में जल्दी विकेट खो दिए। इसके बाद अभिषेक पोरेल (49), केएल राहुल (38), ट्रिस्टन स्टब्स (34*) और अक्षर पटेल (34) ने टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में RR को संजू सैमसन (31) और जायसवाल (51) ने 61 रन की साझेदारी करते हुए उम्दा शुरुआत दिलाई। इसके बाद नितीश राणा (51) ने अच्छी पारी खेली। अंत में ध्रुव जुरेल (26) और शिमरोन हेटमायर (15*) ने मैच टाई कराया।

सुपर ओवर 

ऐसा रहा सुपर ओवर 

RR को आखिरी ओवर में जीत के लिए 9 रन की दरकार थी। मिचेल स्टार्क ने जुरेल व हेटमायर के सामने सिर्फ 8 रन दिए। इसके बाद स्टार्क के ही सुपर ओवर में RR ने 11 रन बनाए। RR से संदीप शर्मा सुपर ओवर करने आए। उनके सामने केएल राहुल और ट्रिस्टन स्टब्स ने 4 गेंदों में ही लक्ष्य हासिल किया। राहुल ने 3 गेंदों में नाबाद 7 रन और स्टब्स ने 1 गेंद में नाबाद 6 रन बनाए।

पारी 

अर्धशतक से चूके पोरेल

DC के सलामी बल्लेबाज पोरेल ने पारी का दूसरा ओवर करने आए तुषार देशपांडे की खूब पिटाई की। इस बल्लेबाज ने देशपांडे के ओवर में 4 चौके और 1 छक्के लगाते हुए कुल 23 रन बटोरे। वह अपने IPL करियर के तीसरे और मौजूदा सीजन के दूसरे अर्धशतक बनाने से चूक गए। अच्छी बल्लेबाजी कर रहे पोरेल 37 गेंदों पर 49 रन की पारी खेलकर आउट हुए।

संदीप 

संदीप शर्मा ने बनाया ये अनचाहा रिकॉर्ड

RR के तेज गेंदबाज संदीप शर्मा ने अपने 4 ओवर में बिना कोई विकेट लिए 33 रन दिए। उन्होंने अपना चौथा और पारी का 20वां ओवर करते हुए 4 वाइड और 1 नो बॉल की। ऐसे में उन्होंने अपना ओवर समाप्त करने के लिए 11 गेंदे की। वह IPL में एक ओवर में संयुक्त रूप से सर्वाधिक गेंद फेंकने वाले गेंदबाज बने हैं। संदीप से पहले मोहम्मद सिराज, तुषार देशपांडे और शार्दुल ठाकुर भी 11-11 गेंदे कर चुके हैं।

फ्रेजर-मैकगर्क

IPL 2025 में अपनी 5वीं पारी में दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके फ्रेजर-मैकगर्क

DC के सलामी बल्लेबाज फ्रेजर-मैकगर्क ने निराश किया और वह सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हुए। वह मौजूदा सीजन में पांचवीं पारी में दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके हैं। इस सीजन में उनके बाद ग्लेन मैक्सवेल, आंद्रे रसेल और क्विंटन डिकॉक 4-4 बार दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके हैं। IPL 2025 में मैकगर्क ने अब तक 6 पारियों में 9.16 की खराब औसत और 105.76 की स्ट्राइक रेट के साथ सिर्फ 55 रन बनाए हैं।

जायसवाल 

जायसवाल ने लगाया अर्धशतक 

जायसवाल ने पारी का दूसरा ओवर करने आए मुकेश कुमार के खिलाफ बेहतरीन छक्का लगाया। इसके बाद अगले ओवर में मिचेल स्टार्क के विरुद्ध उन्होंने 2 चौके और 1 छक्का लगाया। उन्होंने इस सीजन का तीसरा और अपने IPL करियर का 12वां अर्धशतक 34 गेंदों में पूरा किया। वह 37 गेंदों पर 51 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी अर्धशतकीय पारी में 3 चौके और 4 छक्के भी लगाए।

राणा 

नितीश राणा ने खेली उम्दा पारी

लक्ष्य का पीछा करते हुए RR ने जब 71 रन के स्कोर पर रियान पराग का विकेट खोया, तब नितीश राणा क्रीज पर आए। उन्होंने 26 गेंदों में अपने IPL करियर का 20वां अर्धशतक लगाया। उन्होंने तेज गति से बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम के संघर्ष को जारी रखा। वह 28 गेंदों में 51 रन बनाकर आउट हुए। अनुभवी तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने पारी के 18वें ओवर के दौरान उन्हें पवेलियन की राह दिखाई।

ट्विटर पोस्ट

अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंची DC की टीम