Page Loader
IPL 2025: डेल स्टेन ने छोड़ा SRH का साथ, अगले सीजन में नहीं होंगे गेंदबाजी कोच
डेल स्टेन ने छोड़ा SRH का साथ (तस्वीर: एक्स/@SunRisers)

IPL 2025: डेल स्टेन ने छोड़ा SRH का साथ, अगले सीजन में नहीं होंगे गेंदबाजी कोच

Oct 17, 2024
09:10 am

क्या है खबर?

दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने घोषणा की है कि वह इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के आगामी सत्र के लिए सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के गेंदबाजी कोच के रूप में वापसी नहीं करेंगे। हालांकि, स्टेन ने स्पष्ट किया है कि वह SA20 लीग में सनराइजर्स ईस्टर्न केप के साथ कोचिंग की जिम्मेदारी में बने रहेंगे। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए ये जानकारी दी है। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

कोच 

IPL 2024 में टीम के साथ नहीं थे स्टेन 

स्टेन को IPL 2022 से पहले SRH ने बतौर गेंदबाजी कोच अपने साथ जोड़ा था। हालांकि, वह पिछले सीजन में टीम के साथ कोचिंग नहीं कर सके थे। उन्होंने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए IPL 2024 से हटने का फैसला किया था। उनकी जगह पर जेम्स फ्रेंकलिन ने SRH के गेंदबाजी कोच की भूमिका निभाई थी। बता दें कि पिछले सीजन में SRH की टीम उपविजेता रही थी।

पोस्ट 

स्टेन ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी  

स्टेन ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'IPL में गेंदबाजी कोच के रूप में उनके साथ कुछ सालों तक काम करने के लिए सनराइजर्स हैदराबाद को बहुत-बहुत धन्यवाद। दुर्भाग्य से मैं IPL 2025 के लिए वापस नहीं आऊंगा। हालांकि, मैं दक्षिण अफ्रीका में SA20 में सनराइजर्स ईस्टर्न केप के साथ काम करना जारी रखूंगा। SA20 में ईस्टर्न केप की टीम 2 बार विजेता रही है और आइए इसे लगातार 3 बार विजेता बनाने का प्रयास करें।'

करियर 

IPL में इन टीमों के लिए खेल चुके हैं स्टेन 

स्टेन ने अपने IPL करियर में 95 मैचों में 25.86 की औसत से 97 विकेट लिए थे। इस बीच उनका इकॉनमी रेट सात से नीचे (6.92) रही थी। उन्होंने IPL में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, SRH, गुजरात लायंस और डेक्कन चार्जर्स का प्रतिनिधित्व किया है। IPL 2020 में स्टेन आखिरी बार बैंगलोर के लिए खेले थे, लेकिन IPL 2021 से पहले टीम ने उन्हें रिलीज कर दिया था।

प्रदर्शन 

IPL 2024 में जोरदार रहा था SRH का प्रदर्शन 

SRH ने लीग स्टेज में 14 में से 8 मैच जीते और 5 में हार (बेनतीजा-1) का सामना किया था। 17 अंको के साथ SRH की टीम (+0.414) अंक तालिका में दूसरे स्थान पर रही थी। लीग स्टेज में जोरदार खेल दिखाने के बाद SRH को क्वालीफायर-1 में KKR के खिलाफ 8 विकेट से शिकस्त मिली। इसके बाद क्वालीफायर-2 में SRH ने RR को हराया था। आखिर में फाइनल में KKR ने SRH को शिकस्त दी थी।