
IPL 2025: KKR बनाम RR मैच में आंद्रे रसेल बने 'प्लेयर ऑफ द डे'
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 53वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने राजस्थान रॉयल्स (RR) को रोमांचक मुकाबले में 1 रन से हरा दिया।
कोलकाता के ईडन गार्डन स्टेडियम में हुए मैच में KKR ने पहले खेलते हुए 206/4 का स्कोर बनाया। जवाब में RR की टीम 205/8 का स्कोर बना पाई।
KKR की इस जीत में आंद्रे रसेल की अहम भूमिका रही। वह हमारे लिए 'प्लेयर ऑफ द डे' चुने गए।
पारी
ऐसी रही रसेल की पारी
रसेल ने मेच में 25 गेंदों का सामना किया और 57 रन बनाए। उनके बल्ले से 4 चौके और 6 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 228 की रही।
उन्होंने अंगकृष रघुवंशी के साथ मिलकर सिर्फ 33 गेंदों में 61 रन की साझेदारी निभाई। रिंकू सिंह के साथ मिलकर उन्होंने 11 गेंदों में 34* रन जोड़े।
15.2 ओवर के बाद रसेल 9 गेंदों पर 2 रन बनाकर खेल रहे थे। पूरी पारी खत्म होने के बाद उनका स्कोर 57* रन था।
स्टेडियम
रसेल ने ईडन गार्डन में पूरे किए 1,000 रन
रसेल ने अपनी तूफानी पारी के दौरान ईडन गार्डन स्टेडियम में IPL में 1,000 रन पूरे कर लिए।
इस मुकाबले से पहले उनके नाम इस मैदान पर 989 रन दर्ज थे और उन्हें इस उपलब्धि तक पहुंचने के लिए सिर्फ 11 रन की जरूरत थी।
अब उनके नाम इस मैदान पर 1,046 रन हो चुके हैं। रसेल की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के ही कारण KKR ने आखिरी 5 ओवर में 85 रन बनाए और मैच उनकी तरफ आया।
कोलकाता
KKR के लिए रसेल ने पूरे किए 2,500 रन
रसेल ने KKR के लिए खेलते हुए 2,500 रन का आंकड़ा पार किया। उन्होंने ये उपलब्धि 131वें मैच (109वीं पारी) में हासिल की।
उनके नाम कुल 2,555 रन दर्ज हैं। उनकी औसत 29.03 और स्ट्राइक रेट 175 की रही है। उन्होंने अब तक 179 चौके और 217 छक्के भी जड़े हैं, जो उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी का प्रमाण है।
रसेल KKR की ओर से 2,500 से अधिक रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं। गौतम गंभीर के नाम 3,035 रन है।
करियर
रसेल के करियर पर एक नजर
रसेल ने अपने IPL करियर का पहला मुकाबला साल 2012 में डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 138 मुकाबले खेले हैं। इसकी 113 पारियों में 28.40 की औसत और 174.20 की स्ट्राइक रेट से 2,613 रन बनाए हैं।
उनके बल्ले से 12 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 88* रन रहा है।
इस संस्करण उन्होंने 11 मुकाबले खेले हैं। इसकी 8 पारियों में 18.42 की औसत और 161.25 की स्ट्राइक रेट से 129 रन बनाए हैं।