LOADING...
IPL 2024: शिवम दुबे ने LSG के खिलाफ जड़ा पहला अर्धशतक, जानिए आंकड़े
शिवम दुबे ने खेली अर्धशतकीय पारी (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2024: शिवम दुबे ने LSG के खिलाफ जड़ा पहला अर्धशतक, जानिए आंकड़े

Apr 23, 2024
10:01 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 के 39वें मुकाबले में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के बल्लेबाज शिवम दुबे ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी (66) खेली। यह उनके IPL करियर का 9वां और इस सीजन का तीसरा अर्धशतक रहा है। इसी तरह यह उनका LSG के खिलाफ पहला अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 22 गेंदों में पूरा किया। उनकी इस तूफानी पारी की बदौलत CSK की टीम मैच में 210/4 का स्कोर बनाने में सफल रही।

बल्लेबाजी

कैसी रही दुबे की पारी और साझेदारी?

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी CSK को 49 रन के स्कोर पर डेरिल मिचेल (11) के रूप में दूसरा झटका लगा था। उसके बाद दुबे बल्लेबाजी के लिए उतरे थे। उन्होंने आते ही आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी शुरू कर दी और महज 22 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया। उन्होंने कप्तान रुतुराज गायकवाड़ (108*) के साथ 104 रन की शतकीय साझेदारी निभाई। वह 27 गेंदों में 3 चौके और 7 छक्कों की मदद से 66 रन बनाकर रन आउट हुए।

उपलब्धि

दुबे ने CSK के लिए पूरे किए 1,000 रन

इस पारी के दौरान दुबे के नाम एक खास उपलब्धि दर्ज हो गई। पारी का 48वां रन बनाते ही उनके CSK के लिए 1,000 रन पूरे हो गए। उनके अब CSK के लिए 35 मैच की 33 पारियों में 37.07 की औसत और 161.07 की स्ट्राइक रेट से 1,018 रन हो गए हैं। इस दौरान उन्होंने 8 अर्धशतक जड़े हैं। उन्होंने RCB के लिए 15 मैचों में 169 रन और RR के लिए 9 मैचों में 230 रन बनाए थे।

करियर

ऐसा रहा है दुबे का IPL करियर

दुबे ने 2019 में CSK के खिलाफ अपने IPL करियर का आगाज किया था। वह 59 मैचों की 55 पारियों में 31.49 की औसत और 147.14 की स्ट्राइक रेट से 1,417 रन बना चुके हैं। उन्होंने अपने करियर में 9 अर्धशतक लगाए हैं। उनका उच्चतक स्कोर 95* रन का रहा है। वह इस लीग में 81 चौके और 95 छक्के जड़ चुके हैं। वह CSK से पहले राजस्थान रॉयल्स (RR) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से भी खेल चुके हैं।