Page Loader
IPL 2024: सनराइजर्स हैदराबाद ने पैट कमिंस को बनाया अपना नया कप्तान
पैट कमिंस इस सीजन SRH के कप्तान होंगे (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2024: सनराइजर्स हैदराबाद ने पैट कमिंस को बनाया अपना नया कप्तान

Mar 04, 2024
11:36 am

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 की नीलामी में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के कप्तान पैट कमिंस को सनराजइर्स हैदराबाद (SRH) ने रिकॉर्ड 20.50 करोड़ रुपये में खरीदा था। कमिंस IPL इतिहास के दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। अब उन्हें टीम का नया कप्तान बनाया गया है। उन्होंने एडेन मार्करम की जगह ली है। SRH का पीछला सीजन कुछ खास नहीं रहा था, फ्रेंचाइजी 14 में से 10 मुकाबले हारी थी। आइए पूरी खबर पर नजर डालते हैं।

करियर

कैसा रहा है कमिंस का IPL करियर? 

कमिंस ने साल 2014 में KKR की ओर से अपना IPL डेब्यू किया था। वह KKR के अलावा मुंबई इंडियंस (MI) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। IPL में उन्होंने अब तक कुल 42 मैच खेले हैं, जिसमें 30.16 की औसत और 8.54 की इकॉनमी रेट से 45 विकेट लिए हैं। दूसरी तरफ बल्लेबाजी में 152.21 की स्ट्राइक रेट और 3 अर्धशतक की मदद से 379 रन अपने नाम किए हैं।

खेल

आखिरी बार साल 2022 में IPL खेले थे कमिंस 

कमिंस आखिरी बार साल 2022 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए खेलते हुए नजर आए थे। उन्होंने सीजन के अपने पहले मैच में लीग का संयुक्त रूप से सबसे तेज अर्धशतक लगाकर शानदार शुरुआत की थी। हालांकि, गेंदबाजी में वह लगातार महंगे साबित हुए और उन्हें टीम से बाहर भी किया गया। उस सीजन में उन्होंने सिर्फ 5 मैच खेले, जिसमें लगभग 11 की इकॉनमी रेट से रन खर्च किए और इस बीच सिर्फ 7 विकेट हासिल किए थे।

कप्तान

ऑस्ट्रेलिया के कप्तान हैदराबाद को बना चुके हैं चैंपियन 

हैदराबाद 2 बार IPL का खिताब अपने नाम कर चुकी है। पहली बार साल 2009 में एडम गिलक्रिस्ट ने इस टीम को चैंपियन बनाया था। तब उस फ्रेंचाइजी का नाम डेक्कन चार्जर्स था। इसके बाद साल 2016 में डेविड वार्नर की कप्तानी में SRH ने खिताब अपने नाम किया था। संयोग से दोनों बार कंगारू टीम के खिलाड़ी ही कप्तान थे। ऐसे में एक बार फिर एक ऑस्ट्रेलियाई कप्तान के साथ SRH के पास चैंपियन बनने का मौका है।

बेमिसाल

कमिंस की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया ने किया है कमाल 

कमिंस की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया की टीम कमाल कर रही है। उनके पिछले 9 महीने बेमिसाल रहे हैं। पहले टीम ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फाइनल में भारतीय क्रिकेट टीम को हराया। इसके बाद उस टीम ने एशेज सीरीज को रिटेन करने में कामयाबी हासिल की। भारत में खेले गए साल 2023 के वनडे विश्व कप को भी टीम ने कमिंस की कप्तानी में अपने नाम किया था। कमिंस को ICC क्रिकेटर ऑफ द ईयर भी चुना गया था।

नजर

कमिंस के टी-20 करियर पर एक नजर 

अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में कमिंस ने अब तक 52 मैचों में 24.77 की औसत और 7.43 की इकॉनमी रेट के साथ 57 विकेट अपने नाम किए हैं। इस बीच उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 15 रन देते हुए 3 विकेट लेना रहा है। टी-20 विश्व कप में उन्होंने 17 मैचों में 7.90 की इकॉनमी रेट के साथ 14 विकेट अपने नाम किए हैं। अपने टी-20 करियर में उन्होंने 26.73 की औसत से 145 विकेट लिए हैं।