Page Loader
IPL 2024: DC के खिलाफ शानदार रहा है शुभमन गिल का प्रदर्शन, जानिए उनके आंकड़े
शुभमन गिल दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ बड़ी पारी खेलना चाहेंगे (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2024: DC के खिलाफ शानदार रहा है शुभमन गिल का प्रदर्शन, जानिए उनके आंकड़े

Apr 23, 2024
03:47 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 के 40वें मुकाबले में बुधवार (24 अप्रैल) को गुजरात टाइटंस (GT) का सामना दिल्ली कैपिटल्स (DC) से होगा। यह मुकाबला DC के घरेलू मैदान यानी अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में DC की कोशिश GT के कप्तान शुभमन गिल को जल्द से जल्द आउट करने की होगी, क्योंकि गिल का उसके खिलाफ प्रदर्शन काफी बेहतरीन रहा है। आइए गिल के IPL में DC के खिलाफ प्रदर्शन पर नजर डालते हैं।

प्रदर्शन

DC के खिलाफ गिल के आंकड़ों पर एक नजर

गिल ने IPL की लगभग सभी टीमों के खिलाफ काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। इसी तरह DC के खिलाफ खेलना भी उन्हें काफी पसंद है। वह इस टीम के खिलाफ अब तक 13 मैच में 29.23 की औसत और 127.95 की स्ट्राइक रेट से 380 रन बना चुके हैं। इसमें उन्होंने 84 रन के उच्चतम स्कोर के साथ 2 अर्धशतक भी जमाए हैं। वह इस टीम के खिलाफ 4 कैच भी लपक चुके हैं।

आंकड़े

DC के प्रमुख गेंदबाजों के खिलाफ गिल का प्रदर्शन?

गिल ने DC के तेज गेंदबाज खलील अहमद का 5 IPL मुकाबले में सामना किया है, जिसमें वह 2 बार आउट हुए हैं। गिल उनके खिलाफ 27 गेंदों में 42 रन बनाने में सफल रहे हैं। कुलदीप यादव के खिलाफ उन्होंने 1 पारी में 11 गेंदों में 20 रन बनाए हैं और आउट नहीं हुए हैं। अक्षर पटेल के खिलाफ उन्होंने 5 पारियों में 51 गेंदों में 72 रन बनाए हैं और 1 बार भी उनका शिकार नहीं बने हैं।

करियर

कैसा रहा है गिल का IPL करियर?

गिल ने साल 2018 में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ अपने IPL करियर का आगाज किया था। वह 99 मैच की 96 पारियों में 38.12 की औसत और 135.20 की स्ट्राइक रेट से 3,088 रन बना चुके हैं। इसमें 3 शतक और 20 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 129 रन का रहा है। वह इस लीग में पहली बार GT की कप्तानी कर रहे हैं। इसके बाद भी उनकी बल्लेबाजी पर इसका खास असर दिखाई नहीं दे रहा है।