Page Loader
IPL 2024: DC ने LSG को हराते हुए दर्ज की अपनी दूसरी जीत, ये बने रिकॉर्ड्स
पृथ्वी शॉ ने खेली 32 रन की पारी (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2024: DC ने LSG को हराते हुए दर्ज की अपनी दूसरी जीत, ये बने रिकॉर्ड्स

Apr 12, 2024
11:14 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 के 26वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को 6 विकेट से हराते हुए इस सीजन में अपनी दूसरी जीत दर्ज की है। इकाना स्टेडियम में खेले गए मैच में LSG ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों के बाद 167/7 का स्कोर बनाया था। जवाब में DC ने 19वें ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा

ऐसा रहा रोचक मुकाबला 

LSG ने पॉवरप्ले के बाद 57/2 का स्कोर बनाते हुए सधी हुई शुरुआत की। इसके बाद कुलदीप यादव की बेहतरीन गेंदबाजी के चलते LSG की पारी लड़खड़ा गई और टीम ने 94 रन पर अपना 7वां विकेट गंवाया। मुश्किल घड़ी में आयुष बदोनी ने अर्धशतक लगाते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में DC ने जैक फ्रेजर-मैकगर्क (55) और ऋषभ पंत (41) की पारियों में बदौलत लक्ष्य हासिल किया। पृथ्वी शॉ ने 32 रन का योगदान दिया।

आयुष

आयुष बदोनी ने लगाया अपना तीसरा IPL अर्धशतक 

LSG को 77 रन के कुल स्कोर पर 5वां झटका लगा था। उसके बाद बल्लेबाजी पर आए बदोनी ने कुछ समय क्रीज पर बिताया और फिर हाथ खोल दिए। क्रीज पर टिक जाने के बाद उन्होंने 31 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने अरशद खान (20) के साथ 42 गेंदों में 73 रन की नाबाद साझेदारी निभाई। बदोनी 35 गेदों में 5 चौके और 1 छक्के की मदद से 55 रन बनाकर नाबाद रहे।

जानकारी

बदोनी और अरशद ने की रिकॉर्ड साझेदारी

बदोनी और अरशद के बीच हुई 73 रनों की साझेदारी IPL इतिहास में 8वें विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी बन गई। पहले यह रिकॉर्ड ब्रैड हॉग और जेम्स फॉकनर के नाम था। उन्होंने 2014 में MI के लिए 69 रन की साझेदारी की थी।

डिकॉक

डिकॉक ने पूरे किए अपने 9,500 टी-20 रन 

LSG के सलामी बल्लेबाजी क्विंटन डिकॉक ने व्यक्तिगत उपलब्धि हासिल की। अपनी पारी का छठा रन बनाते ही उन्होंने टी-20 क्रिकेट में 9,500 रन पूरे किए। वह ऐसा करने वाले दुनिया के 19वें बल्लेबाज बने हैं। वह 13 गेंदों पर 19 रन की पारी खेलकर पवेलियन लौट गए। उन्होंने अपनी इस पारी में 4 चौके लगाए। वह डेविड मिलर (10,143) और फाफ डु प्लेसिस (9,796) के बाद ये आंकड़ा पार करने वाले तीसरे दक्षिण अफ्रीकी बने हैं।

कुलदीप

कुलदीप ने DC के खिलाफ किया अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 

कुलदीप ने मार्कस स्टोइनिस (8) के रूप में LSG को तीसरा झटका दिया और अपने विकेटों का भी खाता खोला। इसके बाद उन्होंने अगली ही गेंद पर निकोलस पूरन (0) को भी पवेलियन राह दिखा दी। उन्होंने अपना तीसरा विकेट कप्तान केएल राहुल (39) के रूप में लेते हुए विपक्षी टीम की परेशानी बढ़ा दी। कुलदीप ने अपने कोटे के 4 ओवर में 5 की इकॉनमी से केवल 20 रन खर्च कर ये सफलताएं अर्जित की।

पंत

पंत ने पूरे किए अपने 3,000 IPL रन 

DC के कप्तान पंत ने 9 रन बनाते ही अपने IPL करियर में 3,000 रन पूरे किए। वह लीग इतिहास में ये आंकड़ा छूने वाले 25वें और DC के पहले बल्लेबाज बने हैं। उन्होंने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी की लेकिन वह अपने अर्धशतक से चूक गए। उन्होंने 24 गेंदों पर 41 रन की पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। विपक्षी लेग स्पिनर रवि बिश्नोई ने उन्हें अपना शिकार बनाया।

पंत

पंत ने बनाए ये रिकॉर्ड्स 

26 साल और 191 दिन की उम्र में पंत IPL में 3,000 रन पूरे करने वाले तीसरे सबसे युवा बल्लेबाज बने हैं। सिर्फ शुभमन गिल (24 साल और 215 दिन) और विराट कोहली (26 साल और 186 दिन) ही उनसे कम उम्र में ये आंकड़ा छूआ है। पंत ने 148.4 की स्ट्राइक रेट से अपने 3000 रन पूरे किए, जो भारतीयों में सबसे तेज हैं। केवल एबी डिविलियर्स (151.68) और क्रिस गेल (148.96) का उनसे बेहतर स्ट्राइक रेट रहा है।

जेक फ्रेजर-मैकगर्क

जैक फ्रेजर-मैकगर्क ने अपनी डेब्यू पारी में जड़ा अर्धशतक 

ऑस्ट्रेलिया के युवा बल्लेबाज जैक फ्रेजर-मैकगर्क ने अपने IPL करियर की जोरदार शुरुआत की। DC की ओर से लक्ष्य का पीछा करते हुए उन्होंने 35 गेंदों पर 55 रन की पारी खेली। इस बीच उन्होंने 2 चौके और 5 छक्के लगाए। उन्हें नवीन उल हक ने आउट किया। यह टी-20 करियर का उनका चौथा अर्धशतक रहा। अपनी अर्धशतकीय पारी के दौरान उन्होंने पंत के साथ मिलकर 77 रन की साझेदारी भी की।

जानकारी

160 से अधिक का स्कोर बनाकर पहली बारी हारी LSG 

यह पहला मौका है जब LSG अपने 160 या उससे अधिक रन के स्कोर को नहीं बचा पाए हैं। इससे पहले IPL में 13 बार LSG ने 160 से अधिक के लक्ष्य का सफलतापूर्वक बचाव किया था।

अंक तालिका

ऐसी है अंक तालिका में टीमों की स्थिति  

6 मैचों के बाद अपनी दूसरी जीत के साथ DC की टीम अंक तालिका में नौवें स्थान पर पहुंच गई है। अपनी दूसरी शिकस्त झेलने वाली LSG की टीम फिलहाल चौथे पायदान पर है। उन्होंने अपने 5 में से 3 मैच जीते हुए हैं। राजस्थान रॉयल्स शीर्ष पर बरकरार है, जिन्होंने संजू सैमसन की कप्तानी में अपने 5 में से 4 मैच जीते हैं। इसके बाद KKR और CSK क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर मौजूद हैं।