Page Loader
IPL 2024: राजस्थान रॉयल्स के इतिहास के शीर्ष-5 गेंदबाजों पर एक नजर
राजस्थान रॉयल्स के गेंदबाज इस सीजन अच्छा प्रदर्शन करना चाहेंगे (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2024: राजस्थान रॉयल्स के इतिहास के शीर्ष-5 गेंदबाजों पर एक नजर

Mar 06, 2024
10:33 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 का आगाज 22 मार्च से होने जा रहा है। IPL के इतिहास की पहली चैंपियन रही राजस्थान रॉयल्स (RR) इस सीजन अच्छा प्रदर्शन करना चाहेगी। इस सीजन फ्रेंचाइजी के कप्तान संजू सैमसन होंगे। टीम के पास युजवेंद्र चहल और रविचंद्रन अश्विन जैसे धाकड़ गेंदबाज भी हैं। ऐसे में इस सीजन फ्रेंचाइजी से काफी उम्मीदें होंगी। आइए टीम के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले शीर्ष-5 बल्लेबाजों पर नजर डालते हैं।

#1

शेन वॉटसन 

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी शेन वॉटसन RR के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में पहले स्थान पर हैं। वह साल 2008 से 2015 तक इस टीम का हिस्सा थे। वह इस फ्रेंचाइजी के लिए 84 मुकाबले खेले। इसकी 76 पारियों में उन्होंने 27.83 की औसत से 67 विकेट लिए। उनकी इकॉनमी रेट 7.55 की रही। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/10 का रहा है। वह अभी कॉमेंट्री करते हुए नजर आते हैं।

#2

सिद्धार्थ त्रिवेदी

सिद्धार्थ त्रिवेदी RR के लिए विकेट लेने के मामले में दूसरे स्थान पर हैं। वह 2008 से 2013 तक इस टीम का हिस्सा रहे। इस खिलाड़ी ने 76 मैच खेले और इसकी 75 पारियों में 29.29 की औसत से 65 विकेट लिए। उन्होंने 1 बार 4 विकेट हॉल लिया और उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/25 का रहा। उनकी इकॉनमी रेट 7.58 की रही है। सिद्धार्थ क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास ले चुके हैं।

#3

शेन वॉर्न

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी शेन वॉर्न RR के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने साल 2008 में अपनी कप्तानी में टीम को चैंपियन भी बनाया था। वार्न ने 56 मैच RR के लिए खेले। इस दौरान 55 पारियों में 25.36 की औसत से 58 विकेट झटके। वह 1 बार 4 विकेट हॉल लेने में भी सफल रहे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/21 का रहा।

#4

जेम्स फॉकनर 

कंगारू टीम के एक और स्टार खिलाड़ी जेम्स फॉकनर RR के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है। वह 2013 से 2015 तक इस टीम का हिस्सा रहे थे। 48 मैच में 27.37 की औसत से उन्होंने 53 विकेट झटके थे। वह 2 बार 5 विकेट हॉल लेने में कामयाब रहे थे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/16 का रहा था। उन्होंने 8.28 की इकॉनमी रेट से गेंदबाजी की थी। फॉकनर क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास ले चुके हैं।

#5

युजवेंद्र चहल

RR की टीम से युजवेंद्र चहल साल 2022 में जुड़े थे। अब तक यह खिलाड़ी 31 मुकाबले इस टीम के लिए खेल चुका है। उन्होंने इस दौरान 19.97 की उम्दा औसत के साथ 48 विकेट झटके हैं। चहल ने 4 बार 4 विकेट हॉल और 1 बार 5 विकेट हॉल लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/40 का रहा है। RR के लिए खेलते हुए चहल की इकॉनमी रेट 7.93 की रही है।