Page Loader
IPL: पंजाब किंग्स की ओर से सर्वाधिक विकेट लेने वाले शीर्ष 5 गेंदबाज
पंजाब किंग्स इस IPL सीजन अच्छा प्रदर्शन करना चाहेगी (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL: पंजाब किंग्स की ओर से सर्वाधिक विकेट लेने वाले शीर्ष 5 गेंदबाज

Mar 14, 2024
10:56 am

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के पिछले सीजन में पंजाब किंग्स (PBKS) का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। शिखर धवन की कप्तानी में टीम सिर्फ 6 मैच जीतने में कामयाब रही थी और 8 में उन्हें हार झेलनी पड़ी थी। अब IPL 2024 में PBKS अपने अभियान की शुरुआत 23 मार्च को दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ मैच से करेगी। इस बीच PBKS की ओर से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले 5 गेंदबाजों पर एक नजर डालते हैं।

#1

पीयूष चावला

पंजाब के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेग स्पिनर पीयूष चावला ने लिए हैं। वह साल 2008 से 2013 तक इस टीम का हिस्सा रहे। उन्होंने 87 मुकाबले खेले और इसकी 87 पारियों में 26.63 की औसत से 84 विकेट लिए। उनकी इकॉनमी रेट इस दौरान 7.52 की रही। उन्होंने 1 बार 4 विकेट हॉल लिया और उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/17 क रहा। अभी यह खिलाड़ी मुंबई इंडियंस (MI) का हिस्सा है।

#2

संदीप शर्मा

संदीप शर्मा पंजाब के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में दूसरे स्थान पर हैं। वह पहली बार साल 2013 में इस टीम का हिस्सा बने थे। आखिरी बार संदीप साल 2022 में इस फ्रेंचाइजी के लिए खेले और अभी वह राजस्थान रॉयल्स (RR) की टीम का हिस्सा हैं। तेज गेंदबाज ने PBKS के लिए 61 मैच खेले और 23.83 की औसत से 73 विकेट लिए। 2 बार 4 विकेट हॉल के साथ उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/20 का रहा।

#3

अक्षर पटेल

अक्षर पटेल साल 2014 से 2018 तक पंजाब की टीम का हिस्सा रहे थे। वह इस फ्रेंचाइजी के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 73 मुकाबले इस टीम के लिए खेले और 27.36 की औसत से 69 विकेट अपने नाम किए। अक्षर 1 बार 4 विकेट हॉल लेने में कामयाब रहे थे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/21 का रहा था। अभी अक्षर दिल्ली कैपिटल्स (DC) की टीम का हिस्सा हैं।

#4

मोहम्मद शमी 

तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी पंजाब के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में चौथे स्थान पर हैं। वह साल 2019 से 2021 तक इस फ्रेंचाइजी का हिस्सा रहे थे। अभी वह गुजरात टाइटंस (GT) के लिए खेलते हैं। हालांकि, चोटिल होने के कारण वह IPL 2024 में नजर नहीं आएंगे। शमी ने 42 मैच की 42 पारियों में 22.82 की औसत से 58 विकेट झटके थे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/15 का रहा था। उनकी इकॉनमी रेट 8.25 की थी।

#5

अर्शदीप सिंह 

साल 2019 में PBKS का हिस्सा बने अर्शदीप सिंह ने अब तक 51 मुकाबले खेले हैं। वह इस फ्रेंचाइजी के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में पांचवे स्थान पर हैं। इस खिलाड़ी ने 27.14 की औसत से 57 विकेट झटके हैं। उनकी इकॉनमी रेट 8.74 की रही है। उन्होंने 1 बार 4 विकेट हॉल और 1 बार 5 विकेट हॉल लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/32 का रहा है।