Page Loader
IPL 2024: KKR ने 57 गेंद शेष रहते जीता मुकाबला, ये रिकॉर्ड्स किए अपने नाम
कोलकाता नाइट राइडर्स ने 57 गेंद शेष रहते जीता फाइनल मुकाबला (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2024: KKR ने 57 गेंद शेष रहते जीता मुकाबला, ये रिकॉर्ड्स किए अपने नाम

May 27, 2024
02:41 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 के फाइनल मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को 8 विकेट से हराते हुए अपना तीसरा खिताब जीत लिया। KKR ने SRH से मिले 114 रन के लक्ष्य को 10.3 ओवर में 57 गेंद शेष रहते हुए ही हासिल कर लिया। यह IPL इतिहास के प्लेऑफ/नॉकआउट मैचों में गेंदों के शेष रहने के लिहाज से सबसे बड़ी जीत बन गई है। आइए इस मामले में बने अन्य रिकॉर्ड्स जानते हैं।

रिकॉर्ड्स

SRH के खिलाफ सबसे बड़ी जीत

IPL में गेंद शेष रहने के लिहाज से SRH के खिलाफ यह सबसे बड़ी जीत है। इसी तरह यह इस मामले में KKR की दूसरी सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले KKR ने 2021 संस्करण में अबू धाबी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ मैच में 93 रन के स्कोर को 60 गेंद शेष रहते ही हासिल कर लिया था। इसी तरह यह IPL इतिहास में 100 से अधिक रन का पीछा करते हुए दूसरी सबसे बड़ी जीत है।

रिकॉर्ड

KKR ने संयुक्त रूप से सबसे कम हार के साथ जीता खिताब

KKR ने IPL 2024 में केवल 3 मैच हारकर खिताब अपने नाम किया है। इसके साथ ही वह संयुक्त रूप से एक संस्करण में सबसे कम हार के साथ खिताब जीतने वाली टीम बन गई है। इससे पहले राजस्थान रॉयल्स (RR) ने IPL के पहले संस्करण यानी साल 2008 में 3 हार के साथ खिताब पर कब्जा जमाया था। इस मामले में गुजरात टाइटंस (GT) दूसरे नंबपर है, जिसने 2022 में 4 हार के साथ के साथ खिताब जीता था।