DC बनाम RR: जैक फ्रेजर-मैक्गर्क ने लगाया अपना चौथा अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के जैक फ्रेजर-मैक्गर्क ने अपना जोरदार फॉर्म जारी रखा है।
DC के इस सलामी बल्लेबाज ने 56वें मैच में राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ 50 रन की पारी खेली।
यह उनके IPL करियर का चौथा अर्धशतक रहा। उनकी ताबड़तोड़ पारी की मदद से DC ने पॉवरप्ले के बाद 78/2 का स्कोर बनाया।
आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पारी
ऐसी रही मैक्गर्क की पारी
मैक्गर्क ने पारी के तीसरे ओवर में ट्रेंट बोल्ट की खूब पिटाई की। उन्होंने उस ओवर में 2 चौके और 1 छक्का लगाया। उन्होंने अगला ओवर करने आए आवेश खान की जमकर खबर ली।
इस ऑस्ट्रेलियाई युवा बल्लेबाज ने आवेश के ओवर में 4 चौके और 2 छक्के लगाए। ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर रहे मैक्गर्क ने 19 गेंदों पर ही अपना अर्धशतक पूरा किया।
वह 20 गेंदों पर 7 चौकों और 3 छक्के की मदद से 50 रन बनाकर आउट हुए।
IPL 2024
ऐसा रहा है मैक्गर्क का IPL करियर
मैक्गर्क ने इसी संस्करण में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ IPL करियर का आगाज किया था। वह 7 मैचों में 44.14 की औसत और 235.88 की स्ट्राइक रेट से 309 रन बना चुके हैं।
वह 84 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 4 अर्धशतक अपने नाम कर चुके हैं।
इससे पहले वह IPL 2024 में LSG , मुंबई इंडियंस (MI) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ भी अर्धशतक लगा चुके हैं।
उपलब्धि
मैक्गर्क ने 20 से कम गेंदों में पूरा किया अपना तीसरा अर्धशतक
यह मैक्गर्क का तीसरा ऐसा अर्धशतक रहा, जो उन्होंने 20 से कम गेंदों में पूरा किया।
उनके अलावा यशस्वी जायसवाल, निकोलस पूरन, ईशान किशन, सुनील नरेन, कीरोन पोलार्ड, ट्रेविस हेड और केएल राहुल 2-2 बार ऐसा कर चुके हैं।
मैक्गर्क ने पारी के चौथे ओवर में अपना अर्धशतक पूरा किया था।
ये दूसरा ऐसा मौका रहा, जब उन्होंने पॉवरप्ले ओवरों के दौरान ही अपना पचासा पूरा किया है। उनके अलावा DC का कोई भी बल्लेबाज ऐसा नहीं कर पाया है।
न्यूजबाइट्स प्लस
DC की ओर से सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं मैक्गर्क
मैक्गर्क ने इसी संस्करण में LSG के खिलाफ सिर्फ 15 गेंदों में ही अपना अर्धशतक पूरा किया था। वह टी-20 क्रिकेट में 15 या उससे कम गेंदों पर 2 अर्धशतक लगाने वाले सिर्फ तीसरे खिलाड़ी बने थे।
टी-20 क्रिकेट में उनसे पहले सिर्फ सुनील नरेन और आंद्रे रसेल ऐसा 2 बार कर चुके हैं।
मैक्गर्क DC की ओर से सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं। उनके बाद क्रिस मॉरिस ने DC से 17 गेंदों में अर्धशतक लगाया था।