Page Loader
IPL 2024: ऋषभ पंत की 15 महीने बाद प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में कैसी रही वापसी?
ऋषभ पंत पंजाब किंग्स के खिलाफ 18 रन बनाकर हुए आउट (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2024: ऋषभ पंत की 15 महीने बाद प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में कैसी रही वापसी?

Mar 23, 2024
05:17 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 के दूसरे मैंच में पंजाब किंग्स (PBKS) का मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स (DC) से हुआ। इसमें DC से ऋषभ पंत ने कप्तानी करते हुए करीब 15 महीने बाद प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी की। हालांकि, टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी DC के लिए पंत बड़ी पारी नहीं खेल पाए और 13 गेंद में 2 चौकों की मदद से 18 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें हर्षल पटेल ने धीमी गति की गेंद में फंसाकर आउट कराया।

जानकारी

दर्शकों ने खड़े होकर किया पंत का अभिवादन

DC का 74 रन पर जैसे ही डेविड वार्नर के रूप में दूसरा विकेट गिरा तो पंत बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतरे। उन्हें देखकर टीम के सभी सदस्य और प्रशंसकों ने खड़े होकर उनका अभिवादन किया। सभी को उनसे बड़ी पारी की उम्मीद थी।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें पंत के बल्लेबाजी करने आते समय का वीडियो

पृष्ठभूमि

सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए थे पंत

30 दिसंबर, 2022 को पंत सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। इसके बाद से ही वह क्रिकेट से दूर थे। वह विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2021-23 के फाइनल, IPL 2023, बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी, एशिया कप और भारत की मेजबानी में आयोजित वनडे विश्व कप जैसे बड़े ICC टूर्नामेंट तक नहीं खेले पाए थे। उनके इस बार भी IPL में हिस्सा लेने को लेकर संशय था, लेकिन पिछले दिनों BCCI ने उन्हें फिट घोषित कर खेलने की अनुमति दे दी थी।

करियर

कैसा रहा है पंत का IPL करियर?

पंत ने 2016 में गुजरात लायंस के खिलाफ अपने IPL करियर का आगाज किया था। वह लीग में 99 मैच खेल चुके हैं, जिसकी 98 पारियों में 15 बार नाबाद रहते हुए 34.41 की औसत और 147.90 की स्ट्राइक रेट से 2,856 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 15 अर्धशतक और 1 शतक निकला है। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 128 रन का है। उन्होंने विकेटकीपर के तौर पर 64 कैच लपके हैं और 18 बार खिलाड़ियों को स्टंप आउट किया है।