Page Loader
IPL 2024: ऋषभ पंत का SRH के खिलाफ कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए आंकड़े
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ बड़ी पारी खेलना चाहेंगे ऋषभ पंत (तस्वीर: एक्स/@DelhiCapitals)

IPL 2024: ऋषभ पंत का SRH के खिलाफ कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए आंकड़े

Apr 19, 2024
03:39 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 का 35वां मुकाबला शनिवार (20 अप्रैल) को दिल्ली कैपिटल्स (DC) का सामना सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) से होगा। यह मुकाबला DC के घरेलू मैदान दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में DC के कप्तान ऋषभ पंत बड़ी पारी खेलकर अपनी टीम को मजबूती देना चाहेंगे, जबकि SRH की कोशिश उन्हें जल्द से जल्द पवेलियन की राह दिखाने पर होगी। आइए पंत के SRH के खिलाफ प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।

बल्लेबाजी

SRH के खिलाफ कैसा रहा है पंत का प्रदर्शन?

पंत ने IPL की अधिकतर टीमों के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन SRH के खिलाफ उनका प्रदर्शन सबसे बेहतरीन रहा है। वह इस बार भी बड़ी पारी खेलकर अपना रिकॉर्ड मजबूत करना चाहेंगे। उन्होंने SRH के खिलाफ खेले 15 मैचों में 44.73 की औसत और 148.64 की स्ट्राइक रेट से 492 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 128 रन के उच्चतम स्कोर के साथ एकमात्र शतक जड़ा है। वह इस टीम के खिलाफ 4 बार नाबाद भी रहे हैं।

आंकड़े

SRH के प्रमुख गेंदबाजों के खिलाफ पंत का प्रदर्शन?

पंत का SRH के तेज गेंदबाज पैट कमिंस से 4 IPL मुकाबलों में सामना हुआ है, जिसमें वह एक बार आउट हुए हैं। पंत उनके खिलाफ 15 गेंदों में 19 रन बनाने में सफल रहे हैं। भुवनेश्वर कुमार के खिलाफ उन्होंने 7 पारी में 33 गेंदों में 79 रन बनाए हैं और 1 बार आउट हुए हैं। वाशिंगन सुंदर के खिलाफ उन्होंने 5 पारियों में 31 गेंदों में 37 रन बनाए और एक बार भी आउट नहीं हुए।

करियर

कैसा रहा है पंत का IPL करियर?

पंत ने साल 2016 में गुजरात लायंस के खिलाफ अपने IPL करियर का आगाज किया था। वह अब तक 105 मैच की 104 पारियों में 34.64 की औसत और 148.54 की स्ट्राइक रेट से 3,048 रन बना चुके हैं। वह DC के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। वह अब तक 128 रन के उच्चतक स्कोर के साथ एक शतक और 17 अर्धशतक भी जड़ चुके हैं। इसके अलावा वह विकेटकीपिंग करते हुए 90 शिकार भी कर चुके हैं।