Page Loader
IPL 2024: इन 5 विकेटकीपर बल्लेबाजों पर रहेंगी सबकी नजरें 
ऋषभ पंत IPL 2024 में जोरदार वापसी करना चाहेंगे (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2024: इन 5 विकेटकीपर बल्लेबाजों पर रहेंगी सबकी नजरें 

Mar 20, 2024
08:30 am

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 का आगाज 22 मार्च से होने वाला है। इस सीजन दिल्ली कैपिटल्स (DC) के कप्तान ऋषभ पंत की वापसी हो रही है। वह पिछले सीजन एक सड़क हादसे का शिकार हो गए थे और पूरे सीजन नहीं खेल पाए थे। पंत के अलावा कई ऐसे और भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज हैं जिन पर इस संस्करण में सभी की नजरें रहने वाली हैं। आइए ऐसे 5 विकेटकीपरों के आंकड़ों पर एक नजर डाल लेते हैं।

#1

ऋषभ पंत 

पंत बीच के ओवरों में तेजी से रन बनाने के लिए जाने जाते हैं। विकेट के पीछे भी यह खिलाड़ी अब तक अच्छा प्रदर्शन करते आया है। IPL में उन्होंने अब तक 98 मैच खेले हैं, जिसमें 15 बार नाबाद रहते हुए 34.61 की औसत और 147.97 की स्ट्राइक रेट से 2,838 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 15 अर्धशतक और 1 शतक निकला है। उन्होंने 64 कैच लपके हैं और 18 बार खिलाड़ियों को स्टंप आउट किया है।

#2

संजू सैमसन 

राजस्थान रॉयल्स (RR) के कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन के लिए यह IPL सीजन काफी अहम होने वाला है। IPL के ठीक बाद टी-20 विश्व कप खेला जाना है। ऐसे में वह अच्छा प्रदर्शन कर भारतीय टीम में अपनी दावेदारी पेश करना चाहेंगे। उन्होंने अब तक 152 IPL मैच में 137.91 की स्ट्राइक रेट से 3,888 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 3 शतक और 20 अर्धशतक निकले हैं। उन्होंने 76 कैच के साथ 15 स्टंप भी किए हैं।

#3

केएल राहुल 

लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के कप्तान केएल राहुल चोट से उबर गए हैं और IPL में खेलते हुए नजर आएंगे। राहुल को भी टी-20 क्रिकेट के प्रारूप में खुद को साबित करना है। ऐसे में उनसे भी एक अच्छे सीजन की उम्मीद होगी। राहुल ने 118 IPL मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 4 शतक और 33 अर्धशतक की मदद से 4,163 रन बनाए हैं। उन्होंने 61 कैच लपके हैं और 5 खिलाड़ियों को स्टंप आउट किया है।

#4

ईशान किशन 

पिछले कुछ समय से विवादों में चल रहे मुंबई इंडियंस (MI) के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को घरेलू क्रिकेट न खेलने के कारण केंद्रीय अनुबंध से बाहर कर दिया गया है। ऐसे में उन्हें इस सीजन हर हाल में अच्छा करना होगा। IPL में उन्होंने अब तक 91 मुकाबले खेले हैं और 6 बार नाबाद रहते हुए 134.26 की स्ट्राइक रेट से 2,324 रन बनाए हैं। उन्होंने 42 कैच लपके हैं और 5 खिलाड़ियों को स्टंप किया है।

#5

जितेश शर्मा 

पंजाब किंग्स (PBKS) के विकेटकीपर जितेश शर्मा पिछले कुछ IPL सीजन से लगातार अच्छा प्रदर्शन करते आए हैं। उन्हें IPL में अच्छे प्रदर्शन के ही कारण भारतीय टीम में भी जगह मिली थी। अब तक इस खिलाड़ी ने IPL में 26 मैच खेले हैं। इस दौरान 3 बार नाबाद रहते हुए 159.24 की स्ट्राइक रेट से 543 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 49 रन रहा है। उन्होंने 12 कैच लपके हैं और 4 खिलाड़ियों को स्टंप किया है।